देवास में श्रमिक की हत्या से सनसनी, सिर पर फर्सी से हमला...
हत्या से फैली सनसनी
भारत सागर न्यूज/देवास। देवास के औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित बालगढ़ चौराहा इलाके में मंगलवार सुबह एक श्रमिक की हत्या से सनसनी फैल गई। स्टैंडर्ड एस कुमार मिल के रहवासी परिसर के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मृतक की पहचान मुकेश छायनीया के रूप में हुई है, जो क्षेत्र की पोलिगोल्ड कंपनी में श्रमिक के तौर पर काम करता था। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब साढ़े पांच बजे लोगों ने देवास इलेक्ट्रिकल्स लोहा फैक्ट्री के सामने दीवार के पास शव पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत डायल 112 और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुकेश के सिर पर फर्सी से हमला किया गया था, जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने संदेही भावेश चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह जानने के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है।




Comments
Post a Comment