खाचरौद शहर की पी डब्लू डी जर्जर की खराब सड़कों पर नागरिकों का आक्रोश, नारायण मंडावलिया ने की तत्काल मरम्मत की मांग
भारत सागर न्यूज/खाचरौद। नगर पालिका परिषद, खाचरौद के स्वच्छता विभाग के सभापति नारायण मंडावलिया ने आज एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर शहर के अंदर लोक निर्माण विभाग (पी.डब्ल्यु.डी.) के अंतर्गत आने वाली मुख्य सड़कों की अत्यंत दयनीय स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
उन्होंने अनुविभागीय महोदय, खाचरौद को संबोधित एक ज्ञापन का हवाला देते हुए बताया कि पी डब्लू डी के अंतर्गत आने वाली शहर की प्रमुख सड़कों में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिसके कारण आए दिन गंभीर दुर्घटनाएं हो रही हैं और नागरिकों का जीवन खतरे में पड़ गया है।
मंडावलिया ने बताया कि रेलवे स्टेशन से जावरा नाका, ओवर ब्रिज से जावरा नाका, रेलवे स्टेशन से पुराना बस स्टैंड, चबूतरा चौराहा से गणेश देवली, विक्रम मार्ग, उज्जैन दरवाजा से बड़नगर रोड, गोपाल मार्ग से उज्जैन दरवाजा, गोपाल मार्ग से नागदा रोड और पुराने बस स्टैंड से नये बस स्टैंड तक की सड़कें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। इन सड़कों पर बने जानलेवा गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में विशेष रूप से सागरमल मार्ग की जर्जर हालत का उल्लेख किया गया है, जो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। मंडावलिया ने कहा कि इस मार्ग पर चलना वाहन चलाना जोखिम भरा है और नागरिकों को भारी असुविधा हो रही है। उन्होंने मांग की है कि गणेश देवली से सागरमलमार्ग की मुख्य इस महत्वपूर्ण मार्ग का तत्काल पुन: निर्माण करवाया जाए ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा मिल सके।
मंडावलिया ने पूर्व में इन गड्ढों के कारण हुई एक दर्दनाक मौत का भी जिक्र करते हुए कहा कि प्रशासन को अब और लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि इन गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए और सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि खाचरौद एक महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र है और सड़कों की खराब स्थिति से व्यापार और वाणिज्य पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। दूर-दराज से आने वाले व्यापारियों और नागरिकों को इन जर्जर सड़कों के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, जिससे शहर की छवि भी धूमिल हो रही है।
नारायण मंडावलिया ने इस गंभीर मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है और उम्मीद जताई है कि अनुविभागीय प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द ही उचित कदम उठाएंगे। मंडावलिया ने यह भी जानकारी दी कि इस संबंध में ज्ञापन की प्रतियां आयुक्त, लोक निर्माण विभाग, जिला कलेक्टर महोदय, अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री और मुख्य नगर पालिका अधिकारी को भी प्रेषित की गई हैं ताकि सभी संबंधित विभाग इस समस्या के समाधान के लिए मिलकर कार्य कर सकें।







Comments
Post a Comment