125 बंदियों ने किया योग, देवास जिला जेल में योग दिवस पर हुआ प्रेरणादायक आयोजन....!
भारत सागर न्यूज/देवास। आज दिनांक 21 जून 2025 को जिला जेल देवास में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन जेल अधीक्षक श्रीमती हिमानी मनवारे के निर्देशन एवं जेल उप अधीक्षक अनिल दुबे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर में लगभग 125 बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति ‘छोटे योगी’ रूद्रा सिंह द्वारा दी गई, जो कि जेल अधीक्षक श्रीमती हिमानी मनवारे के पुत्र हैं। रूद्रा सिंह ने विभिन्न योग क्रियाओं का सुंदर प्रदर्शन किया, जिसे सभी उपस्थितजनों द्वारा सराहा गया।
योग सत्र के उपरांत अपने प्रेरणादायक संबोधन में श्रीमती हिमानी मनवारे ने योग के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि “योग” शब्द संस्कृत के “युज” धातु से लिया गया है, जिसका अर्थ है “एक साथ होना”। योग शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का माध्यम है,
और यह केवल एक व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की एक संपूर्ण शैली है। उन्होंने यह भी बताया कि जेल में निरुद्ध बंदियों के पास आत्मचिंतन एवं सुधार का पर्याप्त समय होता है, जिसे योग के माध्यम से सकारात्मक दिशा में उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने सभी बंदियों को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से रोहित चौधरी, जिला विधिक सहायता अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही आर्ट ऑफ लिविंग संस्था उज्जैन से सौरभ पुरोहित एवं श्रीमती स्मिता गोयल ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कर योग सत्र में सहभागिता की। जेल स्टाफ के सभी सदस्यों ने भी सक्रिय रूप से योग में भाग लिया और आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।
यह कार्यक्रम बंदियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के संवर्धन की दिशा में एक सराहनीय पहल रहा, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन की संभावनाएँ और भी प्रबल हुईं।


Comments
Post a Comment