शासकीय रास्ते पर दोबारा अवैध कब्जा, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत...
भारत सागर न्यूज, देवास। तहसील सतवास के ग्राम सेमली खुर्द के ग्रामीणों ने खेतों तक पहुँचने वाले शासकीय रास्ते पर दोबारा किए गए अवैध कब्जे को लेकर कलेक्टर कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाई है। ग्रामीणों जलाल कोरकू, गणेश गुर्जर, रमेश गवली, लखन गुर्जर एवं पदम गुर्जर ने आवेदन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की माँग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के ही हरदेव गुर्जर, लखन गुर्जर और नारायण गुर्जर द्वारा फिर से शासकीय रास्ते पर कब्जा कर उसे सकरा कर दिया गया है, जिससे ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और अन्य कृषि यंत्रों की आवाजाही बाधित हो रही है। यह रास्ता वर्षों से खेती-किसानी के लिए उपयोग में लाया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में भी इसी स्थान पर अवैध कब्जा किया गया था, जिसे प्रकरण क्रमांक 0299 अ-121-2024/2025 के तहत तहसीलदार सतवास द्वारा कार्रवाई कर हटाया गया था। लेकिन अब दोबारा उसी स्थान पर अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे खेती कार्यों में गंभीर परेशानी उत्पन्न हो रही है।
प्रार्थीगणों ने कलेक्टर से मांग की है कि शासकीय रास्ते से अतिक्रमण को तत्काल हटवाया जाए और भविष्य में इस रास्ते की सुरक्षा हेतु स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि ग्रामीणों को बार-बार इस समस्या का सामना न करना पड़े।

Comments
Post a Comment