भक्ति, संस्कृति और सेवा का संगम — शंकरगढ़ गौशाला में गोवर्धन पूजा समारोह संपन्न


भारत सागर न्यूज/देवास। नगर निगम देवास एवं संस्था अभिरंग के संयुक्त तत्वावधान में शंकरगढ़ गौशाला परिसर में 22 अक्टूबर को धार्मिक परंपराओं एवं सामाजिक उत्साह के साथ गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में देवास विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। 




नगर निगम उपायुक्त श्रीमती आरती खेडेकर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर विधायक का स्वागत किया। मुख्य अतिथि द्वारा पारंपरिक विधि-विधान से गोवर्धन पर्वत की पूजा-अर्चना की गई एवं गौमाता का आशीर्वाद प्राप्त किया गया। संस्था अभिरंग के संरक्षक आनंद कोठारी ने बताया कि संस्था निरंतर सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से भारतीय परंपराओं के संवर्धन में कार्यरत है। संस्था के अध्यक्ष बसंत वर्मा एवं कार्यक्रम प्रबंधक अश्विन नारायण आशापुरे ने विधायक राजे को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। 





अपने उद्बोधन में विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार ने कहा कि “गोवर्धन पूजा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि यह हमारी संस्कृति, प्रकृति और गौसंवर्धन के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण का यह संदेश आज भी हमें प्रेरित करता है कि हमें प्रकृति और गौमाता का आदर करना चाहिए — यही सच्चा धर्म है।” उन्होंने कहा कि गौवंश भारत की अमूल्य धरोहर है, जो हमारी कृषि, संस्कृति और अर्थव्यवस्था का आधार रहा है। इसके संरक्षण हेतु समाज को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। 




कार्यक्रम के दौरान विधायक ने गौशाला परिसर का निरीक्षण किया और स्वच्छता, सुरक्षा एवं गोसेवा से जुड़ी व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए नगर निगम देवास की टीम को बधाई दी। इस अवसर पर सभापति रवि जैन, स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह बैस, लोक निर्माण विभाग समिति अध्यक्ष गणेश पटेल, भरत चौधरी, भाजपा नेता मनीष सेन, राजकुमार सिंह ठाकुर, रामचरण पटेल, 




राजा अकोदिया, अर्जुन चौधरी, नवीन सोलंकी, वरिष्ठ पत्रकार अनिल सिकरवार, गुणपाल सिंह पवार, जुगनू गोस्वामी, तथा पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस. एस. श्रीवास्तव, डॉ. अली, डॉ. गरोंदिया सहित नगर निगम अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गौशाला समिति सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम में गोबर से निर्मित श्रीकृष्ण की आकर्षक प्रतिमा अंतिम राठौर एवं सपना कारपेंटर द्वारा तैयार की गई, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। 




भजन गायक प्रीतम सेंधालकर ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी, वहीं घुंघरू नृत्य अकादमी की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बाल कलाकार भावी त्रिवेदी ने श्रीकृष्ण स्वरूप धारण कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गौशाला के सेवा भावी कार्यकर्ताओं रमेश कौशल, जितेंद्र वर्मा, भरत यादव, जगदीश गोयल, जीतू चौहान, अनिल वर्मा, महेश बोड़ाना एवं अन्य कार्यकर्ताओं को विधायक द्वारा शाल, 




श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन स्वास्थ्य निरीक्षक / नोडल अधिकारी हरेंद्र सिंह ठाकुर ने किया तथा आभार प्रदर्शन शंकरगढ़ गौशाला समिति के पदाधिकारियों द्वारा किया गया। 




कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित जनों ने गोवर्धन पूजा एवं गौसेवा के संकल्प के साथ गौमाता की आरती संपन्न की। धर्मेंद्र सिंह बैस ने अतिथियों का स्वागत-अभिनंदन करते हुए गौशाला की उपलब्धियों एवं वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा