नंदानगर, चंदाना, रूपाखेड़ी सहित चार पुलियाओं को 10 फीट ऊंचा उठाया जाएं- चंदाना
- अत्यधिक नीची होने से हादसे होते हैं, हादसों में जा चुकी हैं जाने
- सांसद, विधायक व जिला प्रशासन संज्ञान में लेकर समस्या का शीघ्र निराकरण करें- चंदाना
- सांसद, विधायक व जिला प्रशासन संज्ञान में लेकर समस्या का शीघ्र निराकरण करें- चंदाना
भारत सागर न्यूज/देवास। देवास से देवर 19 किलोमीटर मार्ग पर चार पुलिया पड़ती है, जिन पर अब तक कई हादसे हो चुके हैं, जिसमें लोगों की जान तक जा चुकी हैं। इन पुलियाओं को 10 फीट ऊंचा उठाने की मांग वर्षों से की जा रही है। जिम्मेदार सिर्फ रोड की लीपापोती, डामरीकरण कर इतिश्री कर लेते हैं। ध्यान ही नहीं दिया गया कि पुलियाओं को भी ऊंचा कर उस पर रेलिंग लगाई जाए।
सरपंच यूनियन संघ के पूर्व अध्यक्ष ठाकुर मोहनसिंह चंदाना ने बताया, कि विगत वर्षों में इन पुलियाओं पर लोगों की अकाल मृत्यु तक हो चुकी है। पुलिया पर बरसात में पानी के तेज बहाव के कारण और पुलिया के अत्यधिक नीचे होने व उस पर रेलिंग नहीं होने कारण मारुति कार सवार 2 युवक गाड़ी सहित बह गए थे, जिनकी मृत्यु हो गई थी।
इस वर्ष भी बरसात के दौरान मोटर साइकिल सहित 2 व्यक्ति चंदाना की पुलिया पर बह गए, जिन्हें बमुश्किल ग्रामीणों ने बचाया। विधायक, जिला प्रशासन शीघ्र संज्ञान में लेकर समस्या का निराकरण करें। पुलिया के ऊपर रेलिंग नहीं होने के कारण बरसात के समय पानी का बहाव तेज होने के कारण वाहन सहित लोग बह जाते हैं।
इस मार्ग पर मेंढकी चक, चंदाना, लोहारी, रुपाखेड़ी, सिरोंज, आंट, अंतरालिया, बारोड पिपलिया, छायन, देवर, बाड़ोली सहित करीब दो दर्जन गांवों के लोग व स्कूली बस प्रतिदिन निकलती हैं। किसी दिन भी बड़ा हादसा हो सकता है।
बरसात के समय वाहन चालकों को हमेशा डर बना रहता है। कि कहीं इन जानलेवा पुलियाओं पर फिसल न जाएं। अंधेरे में और बरसात के समय अंदाजा नहीं लग पाता और ऐसे में दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। इस विकट जानलेवा समस्या की ओर ध्यान ही नहीं दिया जा रहा है। चंदाना ने क्षेत्रीय विधायक, सांसद व जिला प्रशासन से जनहित से जुड़ी इस विकट समस्या के शीघ्र निराकरण की मांग की है।





Comments
Post a Comment