निशा चामुंडेश्वरी मां फाउंडेशन द्वारा पौधारोपण अभियान, 36 पौधों का किया रोपण
भारत सागर न्यूज/देवास। “मानव सेवा ही सर्वोत्तम सेवा” के उद्देश्य को सार्थक करते हुए निशा चामुंडेश्वरी मां फाउंडेशन की डायरेक्टर निशा यादव द्वारा शुक्रवार को बिलावली मंदिर परिसर में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील प्रजापत उपस्थित रहे। विशेष अवसर पर, उनके जन्मदिन के उपलक्ष्य में कुल 36 पौधों का रोपण किया गया।
पौधों में छायादार तथा पर्यावरण संरक्षण में सहायक प्रजातियों को शामिल किया गया, जिससे आने वाले समय में परिसर को हराभरा बनाने में सहायता मिलेगी। डायरेक्टर निशा यादव ने बताया कि फाउंडेशन का उद्देश्य न केवल पौधे लगाना है, बल्कि उनकी दीर्घकालीन देखरेख कर उन्हें सुरक्षित रूप से बड़ा करना भी है। इसी संकल्प के साथ कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने यह वचन लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित रूप से सिंचाई, सुरक्षा और संरक्षण किया जाएगा।
फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील प्रजापत ने कहा कि संस्था की ओर से ऐसे उत्कृष्ट सामाजिक और पर्यावरणीय कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी। उन्होंने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा हर नागरिक का कर्तव्य है। कार्यक्रम में सहयोगी दिनेश पंडित ने इसे अत्यंत सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज को प्रेरित करते हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व स्वस्थ पर्यावरण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। पौधारोपण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फाउंडेशन के सदस्यों, स्थानीय नागरिकों और मंदिर प्रबंधन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



Comments
Post a Comment