वार्ड 9 के रहवासी क्षेत्र में अवैध गार्डन से बढ़ती परेशानी पर फूटा आक्रोश

- गंगा निकेतन कॉलोनी के रहवासियों ने जनसुनवाई में सौंपा ज्ञापन




भारत सागर न्यूज/देवास।
वार्ड क्रमांक 9 के बीमा अस्पताल के पीछे स्थित रहवासी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित कबीर गार्डन के कारण क्षेत्रवासियों का जनजीवन लंबे समय से अस्त-व्यस्त हो रहा है। आए दिन होने वाली शादियों में लगने वाला जाम, देर रात तक बजने वाला शोर-शराबा, असामाजिक तत्वों की आवाजाही तथा कार्यक्रमों में शामिल कुछ लोगों द्वारा महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ जैसी घटनाओं ने माहौल को असुरक्षित बना दिया है।




इन्हीं समस्याओं से व्यथित गंगा निकेतन कॉलोनी की सैकड़ों मातृशक्तियों और स्थानीय रहवासियों ने वार्ड पार्षद दीपेश कानूनगो के नेतृत्व में एसपी कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय के जनसुनवाई दिवस पर पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। रहवासियों ने बताया कि विगत कई वर्षों से वे थाना सिविल लाइंस और नगर निगम आयुक्त को भी शिकायतें दे चुके हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस बार उन्होंने इसे अंतिम प्रयास बताते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है।




पार्षद दीपेश कानूनगो ने कहा कि रहवासी जिस पीड़ा से गुजर रहे हैं, वह अत्यंत गंभीर है। आवासीय क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित गार्डन को बंद किया जाना चाहिए। मैंने पहले भी इस विषय को अधिकारियों के समक्ष उठाया है। रहवासी प्रवीणसिंह चौहान ने कहा कि यदि 15 दिनों में न्यायोचित कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन करने को विवश होंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस अवसर पर गंगा निकेतन रहवासी संघ के अध्यक्ष राजेंद्र चौरे, उपाध्यक्ष शीला मुखर्जी सहित बड़ी संख्या में रहवासी उपस्थित थे।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा