इंदौर की माही गहलोत की मौत के मामले में समाजजनों ने देवास में निकाला कैंडल मार्च, निष्पक्ष जांच की मांग
भारत सागर न्यूज/देवास। इंदौर निवासी माही गहलोत की संदिग्ध मौत के मामले को लेकर सोमवार शाम देवास शहर में समाजजनों और परिजनों ने सयाजी द्वार पर कैंडल मार्च निकालकर दिवंगत माही को श्रद्धांजलि दी। कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और समाज के वरिष्ठजन शामिल हुए। सभी ने हाथों में मोमबत्तियाँ जलाकर माही की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की।
शादी के बाद बढ़ी प्रताड़ना -
जानकारी के अनुसार, माही गहलोत की शादी 22 जनवरी 2025 को हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग माही को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। परिजनों ने बताया कि कुछ दिनों पहले माही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद परिवार ने पूरे मामले पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि यह सिर्फ आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश हो सकती है।
परिजनों की पीड़ा और मांग -
माही के पिता, जो मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं, बेटी की मौत के बाद से गहरे सदमे में हैं। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी खुश नहीं थी और कई बार फोन पर उन्होंने अपनी पीड़ा बताई थी। परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अगर न्याय नहीं मिला तो वे आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे।
समाजजनों की प्रतिक्रिया -
कैंडल मार्च में उपस्थित समाजजनों ने कहा कि माही की मौत एक गंभीर और संवेदनशील मामला है। पुलिस प्रशासन को इस पर शीघ्र और निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लानी चाहिए। समाज ने एक स्वर में कहा कि ऐसी घटनाएँ समाज के लिए कलंक हैं और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएँ दोबारा न हों।
पृष्ठभूमि -
माही गहलोत का मायका इंदौर के सर्वोदय नगर में है, जबकि उसका ससुराल हीरा नगर क्षेत्र, इंदौर में स्थित है। फिलहाल पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है।



Comments
Post a Comment