11 दिसंबर से चूल्हा बंद अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
- तीन माह से नहीं मिली लागत राशि और मानदेय
भारत सागर न्यूज/देवास। महिला स्वयं सहायता समूह संघ (म.प्र.) जिला ईकाई देवास के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना का संचालन किया जाता है, लेकिन पिछले तीन महीनों से समूह संचालकों और रसोइयों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
जिला पंचायत विभाग द्वारा सितंबर 2025 से भोजन पकाने की लागत राशि एवं रसोइया बहनों का मानदेय समय पर न मिलने के कारण स्थिति गंभीर हो गई है। भुगतान अटका होने से जिलेभर में कार्यरत समूह संचालक एवं रसोइया बहनों के सामने आजीविका संकट उत्पन्न हो गया है।
महिला स्वयं सहायता समूह संगठन, देवास की जिला अध्यक्ष श्रीमती ज्योति अर्जुनदास बैरागी ने एक प्रेस नोट जारी करते हुए बताया कि “यदि संबंधित विभाग द्वारा 10 दिसंबर 2025 तक भुगतान की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो 11 दिसंबर से सभी समूह संचालक एवं रसोइया बहनें चूल्हा बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल करने के लिए मजबूर होंगी। साथ ही धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसकी पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।” उक्त जानकारी संगठन के जिलाध्यक्ष अर्जुनदास बैरागी द्वारा प्रदान की गई।



Comments
Post a Comment