देवास के प्राचीन शीलनाथ मंदिर से चांदी की पादुकाएं चोरी करने वाला गिरफ्तार, सराफा व्यापारी भी पकड़ा
भारत सागर न्यूज/देवास। देवास के प्राचीन शीलनाथ मंदिर से चांदी की चरण पादुकाएं चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सिविल लाइन पुलिस ने इस मामले में एक सराफा व्यापारी को भी आरोपी बनाया है। दोनों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार चोरी करने वाले युवक की पहचान रेवा बाग निवासी अरुण सोलंकी के रूप में हुई। 'ऑपरेशन त्रिनेत्रम' के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची। फुटेज में एक लाल टी-शर्ट पहने युवक मंदिर से दो चांदी की पादुकाएं ले जाता हुआ दिखा था।
सिविल लाइन थाना प्रभारी हितेश पाटिल ने बताया कि 28 नवंबर को आनंदबाग स्थित प्राचीन शीलनाथ मंदिर से दो पादुकाएं चोरी हुई थीं।
पुलिस ने आरोपी के पास से दोनों पादुकाएं बरामद कर ली हैं। जांच में यह भी सामने आया कि अरुण सोलंकी ने चोरी की एक पादुका सराफा व्यापारी देवेश जैन को बेच दी थी। पुलिस ने देवेश जैन को भी इस मामले में आरोपी बनाते हुए हिरासत में लिया है।




Comments
Post a Comment