मां नर्मदा का जल पहुंचा बड़ी चुरलाय,
- ढोल-धमाकों के साथ गांव में मना उत्सव, निकाली कलश यात्रा
भारत सागर न्यूज/देवास। ग्राम बड़ी चुरलाय में अब गर्मी के दिनों में भी पानी की किल्लत नहीं होगी। जल निगम द्वारा नर्मदा पाइप लाइन से पेयजल वितरण की शुरुआत होने के साथ ही गांववासियों के चेहरे खिल उठे। नर्मदा का जल गांव में पहुंचते ही ग्रामीणों ने इसे उत्सव की तरह मनाया। महिलाओं ने ढोल-धमाकों के साथ कलश यात्रा निकालकर मां नर्मदा के आगमन का स्वागत किया।
नर्मदा पेयजल वितरण का शुभारंभ विधायक मनोज चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सैंधव, पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, भेरूलाल अटारिया, सरपंच अनुसुइया बाई बैस, प्रतिनिधि कुंदनसिंह बैस, मप्र शासन से सम्मानित कृषक धर्मेंद्रसिंह राजपूत, जनपद प्रतिनिधि विजयसिंह राजपूत, नरबतसिंह सिरकरवार सहित अनेक जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों की उपस्थिति में किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मनोज चौधरी ने कहा कि आज ग्राम बड़ी चुरलाय के लिए ऐतिहासिक दिन है। मां नर्मदा का पवित्र जल अब हर घर तक पहुंचेगा। वर्षों से चली आ रही जल समस्या का स्थायी समाधान हुआ है। भाजपा सरकार गांव, गरीब और किसानों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। आने वाले समय में गांवों में मूलभूत सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।
.jpg)


Comments
Post a Comment