देवास में कनिष्ठ यंत्री से मारपीट मामला: चार आरोपी गिरफ्तार, बिजली कर्मचारियों का काम बंद कर उग्र विर
भारत सागर न्यूज/देवास। देवास में बिजली विभाग के कनिष्ठ यंत्री से मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। आगरोद क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन कर्मचारियों ने कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर काम बंद कर प्रदर्शन किया। मामला 6 दिसंबर का है, जब विद्युत वितरण कंपनी के कनिष्ठ यंत्री हरिओम शाह अपनी टीम के साथ आगरोद क्षेत्र के ग्राम सिंगावदा में रबी सीजन के अस्थायी बिजली कनेक्शनों की जांच और सिंचाई कनेक्शनों की बकाया राशि वसूली के लिए पहुंचे थे।
इसी दौरान कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हरिओम शाह के साथ मारपीट कर दी। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद विजयागंज मंडी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों—खाजू पटेल, सद्दाम पटेल, सोहेल पटेल और शाहरुख पटेल को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी आगरोद क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना से नाराज़ बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मंगलवार को भोपाल रोड स्थित बिजली कार्यालय से रैली निकालते हुए एसपी कार्यालय पहुंचे। कर्मचारियों ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई, मकान तोड़ने और जुलूस निकालने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। मप्र बिजली कर्मचारी महासंघ के प्रदेश महामंत्री सुशील कुमार पांडे ने कहा कि शासकीय अधिकारी पर इस तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, विभाग एकजुट होकर विरोध करता रहेगा।



Comments
Post a Comment