रेलवे ट्रैक पर रील बनाना पड़ा भारी: देवास में ट्रेन की चपेट में आए दो किशोरों की मौत, साथी बाल-बाल बचे
भारत सागर न्यूज/देवास। देवास से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां रेलवे ट्रैक पर वीडियो बनाते समय दो किशोरों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा सोशल मीडिया के लिए खतरनाक स्टंट करने के बढ़ते चलन पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। घटना देवास के बीराखेड़ी रेलवे क्रॉसिंग के पास की है। मंगलवार को चार किशोर रेलवे ट्रैक के पास खड़े होकर वीडियो और सेल्फी बना रहे थे। इसी दौरान इंदौर–बिलासपुर पैसेंजर ट्रेन ट्रैक पर आ गई।
ट्रेन को आता देखकर दो किशोर समय रहते ट्रैक से हट गए, लेकिन आलोक, उम्र 17 वर्ष, निवासी विकास नगर और सन्नी, उम्र 17 वर्ष, निवासी शंकर नगर, ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोर रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर वीडियो बना रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। यह हादसा एक बार फिर चेतावनी देता है कि सोशल मीडिया के लिए जान जोखिम में डालना कितना खतरनाक हो सकता है।



Comments
Post a Comment