दुर्घटनाओं से जा रही कीमती जानें, एसपी पुनीत गहलोत की भावुक अपील—नियमों का करें पालन 🚦
भारत सागर न्यूज/देवास। देवास जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और उनमें जा रही बेशकीमती जानों को लेकर पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोद ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की भावुक अपील की।
देवास पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोद ने कहा कि लापरवाही, तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण जिले में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। इन दुर्घटनाओं में कई परिवार अपने अपनों को खो रहे हैं, जो समाज के लिए बेहद पीड़ादायक है। एसपी गहलोद ने वाहन चालकों से अपील की कि हेलमेट, सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
उन्होंने कहा कि पुलिस की सख्ती के साथ-साथ नागरिकों की जिम्मेदारी भी उतनी ही जरूरी है। यदि लोग स्वयं सतर्क होंगे, तो दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। एसपी ने विशेष रूप से युवाओं से आग्रह किया कि जोश में होश न खोएं और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनाएं, क्योंकि एक छोटी सी गलती जीवन भर का दर्द दे सकती है।



Comments
Post a Comment