कृषि विज्ञान केन्द्र, देवास में किसान दिवस के अवसर पर किसानों का किया सम्मान
जिला जनसंपर्क कार्यालय देवास
भारत सागर न्यूज/देवास। कृषि विज्ञान केन्द्र, देवास में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री चौधरीचरण सिंह के 123वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में उन्नतशील कृषकों का सम्मान समारोह एवं किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. आर.पी.शर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का कहना था कि जब तक देश में किसान का सम्मान नहीं होगा, देश
कभी भी उन्नतशील एवं प्रगतिशील नहीं बन सकता।
उन्होंने केन्द्र सरकार की व्ही.बी. राम योजना के बारे में जानकारी दी तथा बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य जल स्त्रोतों का संरक्षण, वर्षा जल का संचय, कृषकों के खेतों को सड़क से जोड़ने के साथ-साथ 125 दिवस का रोजगार सुनिश्चित करना हैं। इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषकों को ऑनलाइन माध्यम से संबोधित किया।
कार्यक्रम में जिले के सम्मानित कृषकों ने उनके द्वारा किए जा रहे नवाचार कार्यों के अनुभवों को अन्य कृषकों के साथ साझा किए एवं अन्य कृषकों से आग्रह किया कि खेती को अगर लाभ का व्यवसाय बनाना है तो उन्नत तकनीकों को अपनाना ही पड़ेगा।
इस कार्यक्रम में विभिन्न ग्राम जैसे बरखेड़ा, मेढ़की धाकड़, डकाच्या, पोलाय, राजोदा आदि गांवों के लगभग 200 कृषकों ने भागीदारी की। रेडी कार्यक्रम की छात्राओं द्वारा जैविक खेती तथा स्वच्छता कार्यक्रम पर नुक्कड़ नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसकी कार्यक्रम में उपस्थित कृषकों द्वारा प्रशंसा की गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. के.एस.भार्गव, डॉ. महेन्द्र सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अरविंदर कौर, वैज्ञानिक श्रीमती नीरजा पटेल, वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी विनेश मुजाल्दा, विद्याभूषण मिश्रा, पवन कुमार राजपूत, गैर-सरकारी संगठन जैसे-बायफ, सहगल फाउंडेशन, ग्रासरूट फाउंडेशन के पदाधिकारी, कृषकगण एवं अन्य संबंधित उपस्थित थे।
.jpeg)


.jpeg)
.jpeg)
Comments
Post a Comment