जुगाड़ तकनीक से स्वच्छता के साथ वायु शुद्धि की दिशा में देवास का अभिनव कदम
- पुराने संसाधनों से बनी मिस्ट स्प्रे मशीन, धूल प्रदूषण पर लगेगा प्रभावी अंकुश
भारत सागर न्यूज/देवास। शहर स्वच्छता के क्षेत्र में नई-नई मिसाल कायम करने के साथ अब वायु प्रदूषण पर नियंत्रण की दिशा में भी सतत प्रयास कर रहा है। नगर की स्वच्छ छवि को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु नगर निगम द्वारा एक अभिनव पहल की गई है।
स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष एवं पार्षद धर्मेंद्र सिंह बैस ने बताया कि विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार के मार्गदर्शन एवं महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल, सभापति रवि जैन तथा निगम आयुक्त दिलीप कुमार के अथक प्रयासों से यह नवाचार संभव हो पाया है। नगर निगम की वर्कशॉप में अनुपयोगी पड़ी पुरानी मोटरों एवं लोहे के सामान का सदुपयोग करते हुए एक अत्याधुनिक मिस्ट स्प्रे मशीन तैयार की गई है, जिसे शहर के प्रमुख भोपाल चौराहे पर स्थापित किया गया है।
लगभग 20 फीट ऊंची यह मिस्ट स्प्रे मशीन स्प्रिंकलर की तर्ज पर चारों ओर घूमते हुए हवा में सूक्ष्म जल कणों का छिड़काव करती है। मशीन से निकलने वाला मिस्ट हवा में घुलकर वातावरण में मौजूद धूल के कणों को नीचे बैठा देता है, जिससे धूल से होने वाले वायु प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आ रही है। यह प्रयोग न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि सीमित संसाधनों में भी नवाचार के माध्यम से बड़े परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह बैस आगे बताया कि भविष्य में ऐसे और भी नए प्रयोग किए जाएंगे तथा शहर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी इसी प्रकार की मिस्ट स्प्रे मशीनें स्थापित की जाएंगी, ताकि देवास को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण-मुक्त शहर के रूप में विकसित किया जा सके।



Comments
Post a Comment