रोड चौड़ीकरण नहीं होने से 11 वर्षों में 2063 दुर्घटनाएं, 572 की मौत, 2516 घायल...!

- सिंहस्थ को देखते हुए उज्जैन–जावरा रोड के चौड़ीकरण/फोरलेन की मांग..
- पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर ने मुख्यमंत्री को पुनः लिखा पत्र



भारत सागर न्यूज/नागदा। उज्जैन–जावरा मार्ग पर लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और आगामी सिंहस्थ महापर्व को ध्यान में रखते हुए धार्मिक श्रद्धालुओं एवं आम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उज्जैन–जावरा टू-लेन मार्ग के चौड़ीकरण अथवा फोरलेन किए जाने की मांग पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर की है।




पूर्व विधायक गुर्जर ने पत्र में बताया कि वर्ष 2015 से जुलाई 2025 तक बीते 11 वर्षों में उज्जैन–जावरा टू-लेन मार्ग पर कुल 2063 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। इनमें 572 लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि 2516 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह सिलसिला वर्तमान में भी जारी है और लगातार हो रही दुर्घटनाएं शासन-प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।




उन्होंने उल्लेख किया कि सिंहस्थ महापर्व को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा उज्जैन शहर के सभी प्रमुख पहुंच मार्गों को फोरलेन परियोजना में शामिल कर स्वीकृति प्रदान की गई है तथा निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो चुका है, किंतु अत्यंत महत्वपूर्ण उज्जैन–जावरा मार्ग को अब तक फोरलेन अथवा चौड़ीकरण योजना में शामिल नहीं किया गया है, जबकि यह मार्ग यातायात दबाव एवं दुर्घटनाओं की दृष्टि से अत्यधिक संवेदनशील है।




पूर्व विधायक ने कहा कि यदि संसाधनों अथवा धनराशि के अभाव में संपूर्ण उज्जैन–जावरा मार्ग का उन्नयन संभव नहीं है, तो कम से कम नागदा से उज्जैन तक के मार्ग का चौड़ीकरण अथवा फोरलेन किया जाना अत्यंत आवश्यक है। नागदा जंक्शन जिले का उज्जैन के बाद दूसरा सबसे बड़ा नगर है, जहां से राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली सहित अन्य राज्यों के श्रद्धालु उज्जैन आते-जाते हैं। इसके अलावा पंजाब, बिहार, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में यात्री रेल मार्ग से नागदा होकर उज्जैन पहुंचते हैं।




उन्होंने बताया कि पूर्व में उज्जैन–जावरा मार्ग सिंगल लेन था, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उनके विधायक कार्यकाल के दौरान लगातार प्रयासों के बाद इस मार्ग को बीओटी योजना में शामिल कर टू-लेन सड़क का निर्माण कराया गया, जिससे कुछ राहत मिली, किंतु वर्तमान में बढ़ते यातायात के कारण यह मार्ग भी अपर्याप्त साबित हो रहा है।
पूर्व विधायक ने यह भी बताया कि इस मार्ग के चौड़ीकरण/फोरलेन को लेकर 7 अगस्त 2025 को कांग्रेस विधायक रामकिशोर दोगने द्वारा विधानसभा में प्रश्न के माध्यम से शासन का ध्यान आकर्षित किया गया था। आगामी बजट सत्र में भी कांग्रेस विधायकों के माध्यम से इस मांग को पुनः मजबूती से सदन में उठाया जाएगा।
पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जनहित, यात्री सुरक्षा एवं सिंहस्थ की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उज्जैन–जावरा मार्ग के चौड़ीकरण अथवा फोरलेन की स्वीकृति शीघ्र प्रदान की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया तो कांग्रेस पार्टी द्वारा जनआंदोलन प्रारंभ किया जाएगा, जिसके अंतर्गत इस मार्ग से जुड़े प्रत्येक गांव एवं शहर से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किए जाएंगे।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन