कॉलोनी विस्तार के नाम पर हरियाली का कत्ल, निगम आयुक्त से की गई शिकायत
भारत सागर न्यूज/देवास। शहरी सीमा क्षेत्र में निजी स्वार्थ के चलते हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटाई लगातार बढ़ती जा रही है। इसी को लेकर सामाजिक संस्था नेशनल यूनिटी ग्रुप ने एक कॉलोनाइजर द्वारा की जा रही अवैध पेड़ कटाई की शिकायत नगर निगम आयुक्त से करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नेशनल यूनिटी ग्रुप के संस्थापक अनिल सिंह ठाकुर ने बताया कि ए.बी. रोड स्थित वार्ड क्रमांक 17, रामपुरा (रसूलपुर) क्षेत्र में शहर के एक जाने-माने कॉलोनाइजर द्वारा किंग पार्क कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा है।
कॉलोनी विस्तार के नाम पर वहां मौजूद हरे-भरे, छायादार और पर्यावरण के लिए अत्यंत उपयोगी पेड़ों की खुलेआम और बेरोकटोक अवैध कटाई की जा रही है।
संस्था ने इस मामले को गंभीर बताते हुए नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा और अवैध रूप से पेड़ों की कटाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। साथ ही दोषी कॉलोनाइजर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की गई।
इस अवसर पर अनिल सिंह ठाकुर, सुनील सिंह ठाकुर, हटे सिंह दरबार, जय सिंह ठाकुर, सत्यराज सिंह ठाकुर, जितेंद्र मारू, लक्ष्मण सिंह ठाकुर, अभिषेक सोनी, गुड्डू मसाले वाला, यश सोनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
ठाकुर ने कहा कि शहर के सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों में हो रही अवैध पेड़ कटाई पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है, जिस पर नगर निगम को सख्ती से अंकुश लगाना चाहिए।







Comments
Post a Comment