मड़ावदा मंडल के नेतृत्व विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन सम्पन्न हुआ, संघ शताब्दी वर्ष में हिंदू एकता, राष्ट्रभक्ति व सांस्कृतिक चेतना का संदेश-
भारत सागर न्यूज/खाचरोद/संजय शर्मा । नागदा जक्शन के खाचरोद तहसील के मड़ावदा मंडल की अगवानी में ग्राम बड़ौदा में ग्रामवासियों द्वारा विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन संयोजक दिनेश नाहर ने बताया कि सम्मेलन की तैयारियाँ विगत कई दिनों से हिंदुत्व से ओतप्रोत वातावरण के निर्माण सागर हेतु की जा रही थीं। इसी क्रम में 18 जनवरी को प्रातः 10 बजे से सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम का प्रारंभ भारत माता की आरती एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। भारत माता एवं श्रीराम के जयघोष से संपूर्ण वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा। मंच पर खाचरौद श्रीरामद्वारा से पधारे संत हर्षजी- महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्य वक्ता बलराज भट्ट तथा सामाजिक कार्यकर्ता व नागदा से आमंत्रित राष्ट्रीय परशुराम सेना युवा वाहिनी की नगर अध्यक्ष श्रीमती वर्षा मेहता मंचासीन रहीं।
संत हर्षजी महाराज ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में उपस्थित जनसमुदाय को धार्मिक चेतना से ओतप्रोत करते हुए भारतीय संस्कृति व धर्म के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया। वहीं संघ से पधारे बलराज जी भट्ट ने संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में आयोजित हो रहे हिंदू सम्मेलनों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रसेवा एवं हिंदू एकता को प्रथम ध्येय बनाने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्रीय जागरण हेतु संघ के विभिन्न विचारों एवं कथानकों को श्रोताओं के समक्ष रखा।
महिला वक्ता श्रीमती वर्षा मेहता ने ग्रामीणजनों की उल्लेखनीय उपस्थिति की सराहना करते हुए राष्ट्रीय जागरण एवं जीवन में “पाँच परिवर्तन” के माध्यम से जीवन उत्थान का संदेश दिया। उन्होंने स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, नागरिक कर्तव्य एवं कुटुंब प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तार से समझाया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में पाश्चात्य संस्कृति से दूर रहकर भारतीय संस्कृति, धर्म एवं पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने, परिवार कल्याण तथा आने वाली पीढ़ी और बेटियों के लिए सुरक्षित भारत के निर्माण पर बल दिया। वक्तव्यों के दौरान उपस्थित जनसमुदाय ने बार-बार भारत माता की जय के उद्घोष लगाए। कार्यक्रम का समापन सहभोज के साथ हुआ। आयोजन में मंडल के कोषाध्यक्ष उमाशंकर जी पाटीदार, मंडल के पदाधिकारीगण, ग्राम के गणमान्य नागरिक, कार्यकर्ता, मातृशक्ति, युवा एवं बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




Comments
Post a Comment