उज्जैन-जावरा रोड फोरलेन व रतलाम-नागदा तक विस्तार की मांग तेज, मुख्यमंत्री को भेजा गया जनहित प्रस्ताव




भारत सागर न्यूज/खाचरौद/नागदा। जनहित, यात्री सुरक्षा एवं आगामी सिंहस्थ महापर्व को दृष्टिगत रखते हुए उज्जैन-जावरा सड़क को फोरलेन/चौड़ीकरण करने तथा मुख्यमंत्री द्वारा घोषित रतलाम-खाचरौद फोरलेन सड़क को खाचरौद होते हुए नागदा तक विस्तारित करने की मांग को लेकर पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर के नेतृत्व में खाचरौद कांग्रेसजनों द्वारा मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन नेहा साहु अनुविभागीय अधिकारी, खाचरौद के माध्यम से भेजा गया।




ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि उज्जैन-जावरा बीओटी सड़क के निर्माण में भारतीय सड़क कांग्रेस (आईआरसी) के मानकों का पूर्ण रूप से पालन नहीं किया गया। मार्ग पर आज भी कई खतरनाक ब्लैक स्पॉट मौजूद हैं। बढ़ते यातायात दबाव के चलते इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है।




पूर्व विधायक गुर्जर ने कहा कि गत दिनों रतलाम में मुख्यमंत्री द्वारा खाचरोद-रतलाम व उन्हेल से इंगोरिया मार्ग को फोरलेन बनाने की घोषणा की है खाचरोद से नागदा 14 किलोमीटर रोड को फोरलेन बनाए जाने से वंचित रखा है जो जनहित में सर्वथा अनुचित है। यदि इस रोड को नागदा तक बनाए जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी जाती है तो रतलाम, दाहोद, झाबुआ, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली सहित देश के विभिन्न राज्यों के यात्रियों को धार्मिक नगरी उज्जैन आवागमन में काफी सुविधा होगी।




11 वर्षों में 2000 से अधिक हादसे, 600 के करीब मौतें -

नगर पालिका अध्यक्ष गोविन्द भरावा ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2015 से जुलाई 2025 तक बीते 11 वर्षों में उज्जैन-जावरा टू-लेन मार्ग पर कुल 2063 सड़क दुर्घटनाएँ दर्ज की गईं। इनमें 572 नागरिकों की मृत्यु हुई, जबकि 2516 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए। वर्तमान में मृतकों की संख्या बढ़कर लगभग 600 के पार पहुंच चुकी है, जो इस मार्ग की भयावह स्थिति को दर्शाती है।

सिंहस्थ को लेकर अन्य मार्ग फोरलेन, उज्जैन-जावरा अब भी उपेक्षित -

जनपद अध्यक्ष पृथ्वीराजसिंह पंवार ने बताया कि शासन द्वारा सिंहस्थ महापर्व को ध्यान में रखते हुए उज्जैन से जुड़ने वाले अन्य सभी प्रमुख संपर्क मार्गों को फोरलेन परियोजनाओं में शामिल कर स्वीकृति दी जा चुकी है तथा कई मार्गों पर निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो गया है। इसके बावजूद अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील उज्जैन-जावरा मार्ग को अब तक फोरलेन या चौड़ीकरण योजना में शामिल नहीं किया गया है, जबकि दुर्घटनाओं और यातायात दबाव की दृष्टि से यह मार्ग अत्यधिक महत्वपूर्ण है।

देश के कई राज्यों से होकर गुजरता है भारी यातायात -

पीसीसी सदस्य अनोखीलाल सोलंकी ने कहा कि खाचरौद मार्ग से होकर रतलाम, दाहोद, झाबुआ, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं यात्री चारपहिया व अन्य वाहनों से नागदा होते हुए उज्जैन पहुंचते हैं। इस कारण पूरे वर्ष इस मार्ग पर भारी यातायात दबाव बना रहता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है।

रतलाम-खाचरौद फोरलेन को नागदा तक बढ़ाने की जरूरत -

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में मुख्यमंत्री द्वारा रतलाम प्रवास के दौरान रतलाम से खाचरौद फोरलेन सड़क निर्माण की गई घोषणा का स्वागत करते हुए मांग की गई है कि आर्थिक दृष्टि से तथा खाचरौद एवं नागदा क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए इस फोरलेन मार्ग को खाचरौद से आगे नागदा तक विस्तारित किया जाए। बताया गया कि नागदा एक प्रमुख औद्योगिक नगर होने के साथ-साथ रेलवे का महत्वपूर्ण जंक्शन भी है। यहीं से होकर आम नागरिक सामाजिक, धार्मिक एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए महाकाल की नगरी उज्जैन (जिला मुख्यालय) तक आवागमन करते हैं। ऐसे में नागदा तक फोरलेन सड़क का विस्तार क्षेत्रीय विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

डीपीआर अब तक नहीं, नागदा तक शामिल करने की मांग -

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि घोषित रतलाम-खाचरौद फोरलेन मार्ग की डीपीआर अब तक तैयार नहीं हो पाई है। मांग की गई है कि डीपीआर बनाते समय इसे नागदा तक विस्तारित किया जाए, ताकि भविष्य में दोबारा योजना संशोधन की आवश्यकता न पड़े।

आगामी बजट में वित्तीय स्वीकृति की मांग -

मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया है कि उज्जैन-जावरा रोड को फोरलेन/चौड़ीकरण करने हेतु आगामी मुख्य बजट में आवश्यक वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जाए तथा रतलाम-खाचरौद फोरलेन सड़क को रतलाम-खाचरौद-नागदा तक स्वीकृत कर बजट प्रावधान किया जाए। इससे क्षेत्र का समग्र विकास होगा और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी। ज्ञापन का वाचन पीसीसी सदस्य अनोखीलाल सोलंकी ने किया।

यह थे मौजुद -

ज्ञापन प्रेषित करते समय वरिष्ठ अभिभाषक संतोष बरखेडावाला, चन्द्रप्रकाश चौरडिया, विजारतअली हाशमी, विकास शर्मा, शेरू मंसुरी, नपा उपाध्यक्ष दिनेश ठन्ना, पार्षद बाबुलाल नागर, राहुल मेहता, प्रकाश डाबी, लखन गोहर, संजय नन्देडा, जितेन्द्र पांचाल, शाहरूख खान, रईस मेव, अशफाक खान, रशीद खान, देवेन्द्रसिंह राठौड, रामेश्वर गुर्जर, मानसिंह गुर्जर, जीवन गुर्जर, चंपालाल चौधरी, नागेश्वर पाटीदार, शुभम परमार, निर्भयराम चन्द्रवंशी, निसार अंसारी, छोटू चौधरी, जयपालसिंह, मकसुद खान आदि मौजुद थे।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा