बैंक नोट मुद्रणालय को मिला सेवन स्टार प्लैटिनम संरक्षा अवार्ड
भारत सागर न्यूज/देवास। बैंक नोट मुद्रणालय (बीएनपी), देवास ने अपनी उपलब्धियों की श्रृंखला में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ते हुए राज्य का प्रतिष्ठित सेवन स्टार प्लैटिनम संरक्षा अवार्ड प्राप्त किया है। यह सम्मान भोपाल में आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रदान किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए बैंक नोट मुद्रणालय के संरक्षा अधिकारी अनुराग वर्मा ने बताया कि संरक्षा परिषद, मध्यप्रदेश (भोपाल चैप्टर) द्वारा वर्ष 2025 के दौरान उत्कृष्ट संरक्षा निष्पादन के लिए बीएनपी को हेल्थ, सेफ्टी एवं एनवायरमेंट श्रेणी में यह पुरस्कार प्रदान किया गया है।
यह पुरस्कार राज्यमंत्री कृष्णा गौर एवं संरक्षा परिषद, मध्यप्रदेश चैप्टर के वाइस चेयरमैन एन.एस. डागा के करकमलों से बैंक नोट मुद्रणालय के मुख्य महाप्रबंधक केदारनाथ महापात्रा एवं संरक्षा अधिकारी अनुराग वर्मा ने ग्रहण किया। कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक श्री केदारनाथ महापात्रा इस वर्ष भी विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए तथा मध्यप्रदेश के विभिन्न उद्योगों से आए प्रतिभागियों को अलग-अलग श्रेणियों में संरक्षा पुरस्कार वितरित किए।
उल्लेखनीय है कि बीएनपी को लगातार पिछले छह वर्षों से यह सम्मान प्राप्त हो रहा है। इसके अतिरिक्त, तीन वर्ष पूर्व बैंक नोट मुद्रणालय को राष्ट्रीय स्तर का गोल्डन पिकॉक अवार्ड भी बेंगलुरु में प्रदान किया जा चुका है।
मुख्य महाप्रबंधक महापात्रा ने अपने संदेश में इस उपलब्धि का श्रेय पूरी टीम बीएनपी को देते हुए सभी कर्मचारियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि संरक्षा और उत्पादन के प्रति कर्मचारियों की निष्ठा एवं प्रतिबद्धता ही इस सफलता की प्रेरणा है।
संरक्षा अधिकारी अनुराग वर्मा ने बताया कि इस पुरस्कार के लिए राज्य की 70 से अधिक कंपनियों ने विभिन्न श्रेणियों में आवेदन किया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच बीएनपी ने यह प्रतिष्ठित उपलब्धि हासिल की। इस सम्मान के प्राप्त होने पर बैंक नोट मुद्रणालय के कर्मचारियों, अधिकारियों एवं श्रम संगठनों में हर्ष और उत्साह का वातावरण है।



Comments
Post a Comment