शैक्षिक गुणवत्ता सम्मेलन में देवास के कवि-शिक्षक देवकृष्ण व्यास मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित
भारत सागर न्यूज/देवास। भोपाल के प्रतिष्ठित उत्कृष्ट विद्यालय में मध्य प्रदेश शिक्षक संघ द्वारा आयोजित शैक्षिक गुणवत्ता शिक्षक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले देवास के वरिष्ठ कवि एवं शिक्षक देवकृष्ण व्यास को शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सम्मिलित हुए, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
समारोह की अध्यक्षता मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौर ने की। इस अवसर पर अखिल भारतीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर, प्रदेश के शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह एवं प्रांतीय संगठन मंत्री हिम्मत सिंह जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए लगभग 10 हजार शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। सम्मान ग्रहण करने के पश्चात अपनी प्रतिक्रिया देते हुए देवकृष्ण व्यास ने कहा कि एक शिक्षक के रूप में राष्ट्र निर्माण का संकल्प और एक कवि के रूप में संवेदनाओं को शब्दों में पिरोने के मेरे इस छोटे से प्रयास को यह सराहना देने के लिए मैं अत्यंत आभारी हूँ। यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि मेरी कर्मभूमि देवास और उन सभी गुरुओं एवं साहित्यकारों का है जिनसे मैंने जीवन की सीख ली है।



Comments
Post a Comment