दो बार मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास के बावजूद चम्बल पुल का टेंडर अब तक लंबित
- पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, 19 करोड़ के टेंडर की मांग
भारत सागर न्यूज/नागदा/संजय शर्मा। निनावटखेड़ा से किलोडिया के मध्य चम्बल नदी पर प्रस्तावित पुल के निर्माण हेतु 19 करोड़ रुपये का टेंडर शीघ्र आमंत्रित किए जाने की मांग को लेकर पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।
पूर्व विधायक गुर्जर ने पत्र में उल्लेख किया है कि शासन के पत्र क्रमांक 1707 दिनांक 24/06/2021 के माध्यम से नागदा–गिदगढ़–निनावटखेड़ा–चंदोड़िया से तारोद–मोकड़ी तक 25 किलोमीटर मार्ग को एमपीएमडीआर 26-27 जिला मार्ग घोषित किया गया था। इस मार्ग के निर्माण के लिए वर्ष 2023-24 के प्रथम अनुपूरक बजट में 31.25 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। इस योजना में निनावटखेड़ा से किलोडिया के मध्य चम्बल नदी पर पुल निर्माण भी सम्मिलित था।
पूर्व विधायक ने बताया कि रोड व पुल निर्माण का भूमिपूजन तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा 20 जुलाई 2023 को तथा दूसरी बार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 13 अक्टूबर 2024 को किया गया। इसके बावजूद अब तक चम्बल नदी पर 19 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल के लिए टेंडर आमंत्रित नहीं किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के टेंडर तो विभाग द्वारा आमंत्रित कर लिए गए हैं और निर्माण कार्य लगभग 50 प्रतिशत पूर्ण भी हो चुका है, लेकिन पुल का कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है। यदि सड़क के साथ ही पुल का टेंडर भी आमंत्रित किया जाता, तो पुल निर्माण भी शुरू हो चुका होता।
पूर्व विधायक गुर्जर ने बताया कि यह सड़क व पुल बनने से नागदा–खाचरौद तहसील में आवागमन के लिए एक नया वैकल्पिक मार्ग तैयार होगा, जिससे क्षेत्र के 50 से अधिक गांवों के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि निर्माण कार्य प्रारंभ न होने को लेकर हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा दिनांक 13 फरवरी 2024 को विधानसभा में प्रश्न उठाया गया था, जिस पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने जवाब देते हुए कहा था कि सड़क मार्ग के टेंडर आमंत्रित किए जा चुके हैं, किंतु पुल के टेंडर अब तक शेष हैं। पूर्व विधायक गुर्जर ने शासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि यदि शीघ्र टेंडर आमंत्रित नहीं किए गए, तो आगामी विधानसभा सत्र में कांग्रेस विधायकों के माध्यम से इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा।




Comments
Post a Comment