देवास में निवेश के नाम पर ₹15 लाख की कथित ठगी, 25 पीड़ितों ने कलेक्टर से की शिकायत




भारत सागर न्यूज/देवास। शहर के कैलादेवी क्षेत्र में संचालित एक निजी कंपनी के मैनेजर पर निवेश के नाम पर करीब ₹15 लाख की कथित धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में लगभग 25 पीड़ितों ने जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर एवं औद्योगिक थाना प्रभारी को आवेदन सौंपते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।




शिकायतकर्ताओं के अनुसार, फाइन साइट एग्रो लिमिटेड कंपनी का कार्यालय कैलादेवी क्षेत्र में संचालित था। कंपनी के मैनेजर प्रियंक जैन ने स्थानीय दुकानदारों और अन्य व्यक्तियों से निवेश के नाम पर राशि जमा करवाई थी। निवेशकों को एक वर्ष बाद ब्याज सहित पूरी रकम लौटाने का आश्वासन दिया गया था। प्रारंभिक चरण में कुछ निवेशकों को ब्याज का भुगतान भी किया गया, जिससे लोगों का विश्वास बढ़ा और अन्य लोगों ने भी निवेश किया।




पीड़ितों का आरोप है कि जून 2025 से किसी भी निवेशक को न तो ब्याज मिला और न ही मूल राशि वापस की गई। पिछले सात से आठ महीनों से भुगतान टलता रहा। आरोप है कि मैनेजर द्वारा लगातार अलग-अलग तारीख देकर भुगतान टालने की बात कही जाती रही।




शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उन्होंने थाने में लिखित शिकायत दी, तो संबंधित मैनेजर द्वारा कथित रूप से अभद्र व्यवहार और धमकी दी गई। उनका कहना है कि सितंबर माह में कंपनी का कैलादेवी स्थित कार्यालय बिना पूर्व सूचना के अचानक खाली कर दिया गया, जिसके बाद कंपनी का कोई स्पष्ट पता नहीं चल पा रहा है।




पीड़ितों के अनुसार, उन्होंने एक सप्ताह पूर्व भी अधिकारियों को आवेदन सौंपा था, लेकिन अब तक उन्हें कोई ठोस जवाब या कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली है। सभी प्रभावितों की कुल बकाया राशि लगभग ₹15 लाख बताई जा रही है।
मामले में पीड़ितों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर कंपनी एवं संबंधित मैनेजर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी जमा राशि वापस दिलाने की मांग की है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच किए जाने की बात कही गई है।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन