20 वर्षों से अधूरा एम.आर.-1 रोड: 25 हजार से अधिक रहवासी परेशान, पहुंचे जनसुनवाई में






भारत सागर न्यूज/देवास।
शहर के वार्ड क्रमांक 19 एवं 22 स्थित लगभग 20 कालोनियों के क्षेत्र में एम.आर.-1 रोड के निर्माण को लेकर रहवासियों में भारी रोष व्याप्त है। क्षेत्र की करीब 20 कॉलोनियों के लगभग 25 हजार नागरिक एमआर रोड नहीं बनने से परेशान है। विभिन्न कॉलोनी के लोग 17 फरवरी को जनसुनवाई में कलेक्टर के नाम आवेदन देने पहुंचे, जिसमें शीघ्र सड़क निर्माण एवं अतिक्रमण हटाने की मांग की। 




रहवासियों ने बताया कि बद्रीधाम नगर, गोमती नगर, बद्रीधाम नगर एक्सटेंशन, गीता श्री ड्रीम सिटी, सम्यक विहार, शांति गृह निर्माण कॉलोनी, सम्राट पुरी, अम्बे नगर, बालाजी नगर, वैशाली एवेन्यू, आनंद ऋषि नगर, स्वास्तिक प्रीमियम कॉलोनी एवं हरि ओम नगर सहित लगभग 20 कॉलोनियों के आवागमन के लिए एकमात्र एम.आर.-1 रोड ही उपलब्ध है। 




निवासियों का कहना है कि लगभग 20 वर्ष पूर्व जिस एम.आर.-1 मार्ग के निर्माण की आशा में लोगों ने यहां मकान बनाकर निवास प्रारंभ किया था, वह आज तक पूर्ण नहीं हो पाया है। जबकि इसके बाद स्वीकृत अन्य मार्गों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इससे क्षेत्रवासियों में उपेक्षा की भावना गहराती जा रही है। 




ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि एम.आर.-1 के एक हिस्से पर पूर्ण रूप से अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे मार्ग का आधा भाग बंद हो चुका है। शेष हिस्से में भी कई स्थानों पर अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी गली में तब्दील हो गई है। दो चारपहिया वाहन आमने-सामने आने पर लंबा जाम लग जाता है। ए.बी. रोड से लेकर गीता श्री ड्रीम सिटी तक सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और मार्ग अत्यंत जर्जर स्थिति में है। 




क्षेत्र में छोटे बच्चों, वृद्धजनों, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं मरीजों के लिए आवागमन जोखिम भरा हो गया है। रहवासियों का दावा है कि आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे भय का माहौल बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि एम.आर.-1 रोड से अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए और शीघ्र पूर्ण चौड़ाई में सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि 25 हजार नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। इस दौरान अजय शुक्ला, दीपक जोशी, सत्येंद्र सोनेर,पिंटू मारू, अरुण बरानिया, मनोज कारपेंटर ,अरविंद तिवारी सहित विभिन्न कालोनीयों के लोग उपस्थित थे।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन