देवास में स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 की तैयारियों को लेकर आयुक्त की बैठक
भारत सागर न्यूज/देवास। आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार के निर्देशन में निगम के सभी विभाग प्रमुखों, विभागीय अधिकारियों एवं स्वच्छता निरीक्षकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वेक्षण की गाइडलाइन के अनुरूप किए जाने वाले कार्यों की विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने स्वास्थ्य अधिकारी जितेन्द्र सिसौदिया को शहर में नियमित रोड स्वीपिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं सूर्यप्रकाश तिवारी को सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों तथा चिन्हित रेड स्पॉट्स पर विशेष ध्यान देते हुए निरंतर स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। सभी स्वच्छता निरीक्षकों को सर्वेक्षण निरीक्षण गाइडलाइन के अनुसार कार्य करने तथा रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था पर विशेष फोकस करने के लिए कहा गया।
आयुक्त ने प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर सख्ती बरतने के निर्देश भी दिए। छोटे-बड़े व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर अमानक पॉलिथीन एवं सिंगल यूज प्लास्टिक पाए जाने पर चालानी कार्रवाई करने के निर्देश स्वच्छता निरीक्षकों को दिए गए।
बैठक में कचरा पृथक्करण (सेग्रीगेशन) की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिन वार्डों से गीला और सूखा कचरा मिश्रित रूप में प्राप्त हो रहा है, वहां जनजागरूकता बढ़ाने तथा कचरा संग्रहण वाहनों में गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डस्टबिन में डलवाने के निर्देश दिए गए। प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर रखी डस्टबिनों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा खराब या क्षतिग्रस्त डस्टबिनों को बदलने की व्यवस्था करने के लिए स्वच्छता नोडल अधिकारी सौरभ त्रिपाठी को निर्देशित किया गया।
आयुक्त ने सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंक दिलाने के लिए पूर्ण गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।





Comments
Post a Comment