बेटी की विदाई कर लौट रहे उज्जैन के परिवार पर ग्रामीणों ने किया पथराव, तीन लोग गंभीर घायल, सामान लूटने का भी आरोप
भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा। उज्जैन का परिवार महू में बेटी का विवाह संपन्न कर बस से उज्जैन लौट रहे एक परिवार के साथ इंदौर के सांवेर थाना क्षेत्र के ग्राम खान बड़ोदिया में अभद्रता और मारपीट की घटना सामने आई है। विवाद बस खड़ी करने जैसी मामूली बात को लेकर शुरू हुआ, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बस को घेर लिया।
इस विवाद में महिलाओं और बच्चों सहित बस में सवार अन्य लोगों को चोटें आई हैं, जिनमें से तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें फ्रैक्चर हुआ है। आगर रोड स्थित राजीव नगर निवासी पीड़ित परिवार शनिवार सुबह महू से वापस उज्जैन आ रहा था, तभी रास्ते में बस चालक चाय पीने के लिए रुका और स्वयं गांव में अपने घर चला गया। इसी दौरान दुकान संचालक ने बस हटाने को लेकर विवाद किया और अपशब्दों का प्रयोग शुरू कर दिया। जब बस में सवार बारातियों ने इसका विरोध किया, तो दुकानदार ने ग्रामीणों को बुला लिया और बस पर हमला बोल दिया।
पीड़िता दीपमाला शर्मा ने उज्जैन पहुंचकर पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि गांव में करीब 50 से अधिक लोगों ने अचानक बस को निशाना बनाया। जैसे-तैसे जान बचाकर परिवार उज्जैन पहुंचा और प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्यवाही की मांग की। पीड़ितों का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके आभूषण और कीमती सामान भी छीन लिए गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उज्जैन पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल सांवेर थाना क्षेत्र का होने के कारण संबंधित थाने को भी सूचित किया गया है। परिजनों का कहना है कि वे बेटी की शादी की खुशियां मनाकर लौट रहे थे, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को परेशानी में डाल दिया है। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है और पुलिस फरार आरोपियों की पहचान के लिए साक्ष्य जुटा रही है।




Comments
Post a Comment