देवास में गूंजे बाबा श्याम के जयकारे, सातवें वर्ष निकली भव्य खाटूश्याम निशान यात्रा




भारत सागर न्यूज/देवास। माँ तुलजा भवानी एवं चामुण्डा मैय्या की पावन धरा देवास एक बार फिर श्याममय हो उठी, जब श्री श्याम सरकार परिवार द्वारा लगातार सातवें वर्ष भव्य खाटूश्याम निशान यात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक उत्सव में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 




निशान यात्रा का शुभारंभ प्रातः 9 बजे लक्ष्मीनारायण मंदिर, शुक्रवारिया हाट, देवास से हुआ। बाबा श्याम के जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई एल.आई.जी. मुखर्जी नगर, पॉयनियर स्कूल के पास स्थित श्री खाटूश्याम मंदिर पहुँची, जहाँ विधिवत समापन हुआ। 




यात्रा का मुख्य आकर्षण एक सुसज्जित रथ था, जिस पर बाबा श्याम विराजमान थे। डीजे पर बजते श्याम भजनों पर भक्त हाथों में रंग-बिरंगे निशान लेकर नाचते-गाते चल रहे थे। पूरे मार्ग में “हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारे” जैसे जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। 




शहर की अनेक संस्थाओं, क्लबों एवं परिवारों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर और स्वागत द्वार बनाकर भक्तों का अभिनंदन किया, जिससे यात्रा और भी भव्य रूप में दिखाई दी। महिलाओं ने पीले वस्त्र और पुरुषों ने पीले कुर्ते धारण कर श्रद्धा और एकता का सुंदर संदेश दिया। मंदिर पहुँचकर भक्तों ने बाबा श्याम को निशान अर्पित किए। 




इसके पश्चात भव्य आरती का आयोजन हुआ और फिर विशाल भंडारा प्रारंभ किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर श्री श्याम सरकार परिवार ने सभी भक्तों, सहयोगियों और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। उक्त जानकारी विक्की गुप्ता द्वारा दी गई।





Comments

Popular posts from this blog

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन