खाली प्लॉट पर कब्जे का आरोप, वृद्ध ने कलेक्टर से लगाई गुहार पुलिस मौजूदगी में सीमांकन और कब्जा दिलाने की मांग
भारत सागर न्यूज/देवास। ग्राम रणायर निवासी 65 वर्षीय बाबूलाल परमार ने अपने नाम आवंटित शासकीय पट्टे की जमीन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने जनसुनवाई जिला कलेक्टर को आवेदन देकर आरोप लगाया कि गांव के ही कंचनसिंह और गोलू द्वारा उनके खाली प्लॉट पर कब्जा कर लिया गया है।
आवेदन के अनुसार बाबूलाल परमार को शासन की योजना के तहत ग्राम पंचायत द्वारा पट्टा प्रदान किया गया था, जिसकी प्रतिलिपि उन्होंने प्रशासन को प्रस्तुत की है। उनका कहना है कि प्लॉट का पूर्व में दो बार सीमांकन भी कराया जा चुका है,
लेकिन सीमांकन अधिकारी के जाने के बाद संबंधित पक्ष दोबारा विवाद खड़ा कर देता है और जमीन पर अपना दावा जताने लगता है। प्रार्थी ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है।
उक्त मामले को लेकर इन लोगों ने घर की महिला व नाबालिक बच्चों के साथ मारपीट भी की। नका कहना है कि जब भी वे थाना या चौकी पर रिपोर्ट दर्ज कराने जाते हैं,
तो पुलिस सीमांकन के समय पुलिस बल की उपस्थिति की बात कहकर उन्हें वापस भेज देती है, जिससे उन्हें अब तक कोई ठोस मदद नहीं मिल पाई है। बाबूलाल परमार ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में सीमांकन कराकर उन्हें उनके प्लॉट का विधिवत कब्जा दिलाया जाए, ताकि विवाद का स्थायी समाधान हो सके और वे भयमुक्त होकर अपने अधिकार की जमीन का उपयोग कर सकें।





Comments
Post a Comment