वात्सल्य ब्रज धाम में हुआ सुंदरकांड पाठ, गूंजे जय-जय सियाराम के जयकारे




भारत सागर न्यूज/देवास। ग्राम छोटी चुरलाई स्थित वात्सल्य ब्रज धाम आश्रम में लोक कल्याण एवं आध्यात्मिक चेतना के उद्देश्य से सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर धर्मलाभ लिया।




आश्रम परिसर में शाम को विधिवत सुंदरकांड पाठ की शुरुआत हुई। जैसे ही पाठ आरंभ हुआ, संपूर्ण वातावरण राममय हो गया। भजन मंडली द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीतों पर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए और जय-जय सियाराम के जयकारों से आश्रम परिसर गूंज उठा। सुंदरकांड पाठ के उपरांत विधिवत आरती संपन्न हुई, जिसके बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया। महाप्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।




इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रूपसिंह धाकड़ ने आश्रम विकास हेतु 5 लाख रुपए के दान की घोषणा कर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई की। कार्यक्रम में साध्वी सत्यमूर्ति एवं सत्यकीर्ति, मप्र शासन से सम्मानित कृषक धर्मेंद्र सिंह राजपूत, सरपंच प्रतिनिधि कुंदन सिंह बैस, भाजपा मंडल अध्यक्ष जगदीश चौधरी, सचिव रामबाबू पाटीदार सहित आसपास के ग्रामों के बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




उल्लेखनीय है कि वात्सल्य ब्रज धाम आश्रम साध्वी दीदी मां ऋतुंभरा देवी के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है। यहां नियमित रूप से भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं, साथ ही गोसेवा हेतु गोशाला भी संचालित है।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा