उज्जैन में हफ्ता वसूली पर बवाल: पुलिस कंट्रोल रूम का घेराव कर किया चक्काजाम, कोचिंग संचालक और कार्यकर्ताओं के समर्थन में उतरे शहरवासी
भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा । उज्जैन के केशव नगर में मंगलवार को कोचिंग संचालक से अवैध वसूली और उसके बाद उपजे विवाद ने बुधवार को उग्र रूप ले लिया। इलाके में कोचिंग क्लास संचालित करने वाले अजय जागरी से इमरान और आरिफ नामक युवकों ने सरेआम हफ्ते की मांग की और इनकार करने पर गाली-गलौज करते हुए अपने परिजनों के साथ लाठी-डंडों से उनके घर पर हमला बोल दिया।
इस घटना के विरोध में जब हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता पार्थ जैन वहां से गुजर रहे थे, तो आरोप है कि पुलिस ने असली दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय निर्दोषों के साथ ही मारपीट शुरू कर दी। मामले में पीड़ित पार्थ जैन का कहना है कि उनका इस झगड़े से कोई लेना-देना नहीं था और वे अपने निजी कार्य से वहां से निकल रहे थे, लेकिन पुलिस ने बेवजह उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पुलिसिया कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही आक्रोश भड़क गया और बुधवार सुबह कोचिंग क्लास एसोसिएशन, भारत विकास परिषद सहित बड़ी संख्या में रहवासियों ने पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी इस कदर नाराज थे कि उन्होंने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और एसपी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। कोचिंग संस्थान संचालक पंकज चांदोरकर ने साफ चेतावनी दी कि मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों और हफ्ता मांगने वाले गुंडों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि हमलावर आरोपियों के अवैध निर्माण ढहाए जाएं और उनके बिजली-पानी के कनेक्शन तुरंत काटे जाएं। घंटों चले हंगामे के बाद एसपी प्रदीप शर्मा ने मौके पर पहुंचकर आश्वासन दिया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एफआईआर में अन्य छह आरोपियों के नाम बढ़ाए जा रहे हैं और कार्यकर्ताओं से बेवजह मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की जाएगी। अधिकारियों द्वारा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के भरोसे के बाद ही प्रदर्शन खत्म हुआ और यातायात बहाल है।



Comments
Post a Comment