देवास में कुर्की व तालाबंदी की कार्रवाई से बकायादारों ने जमा की राशि
भारत सागर न्यूज/देवास। नगर निगम सीमा क्षेत्र में संपत्तिकर की बकाया राशि की वसूली के लिए निगम प्रशासन द्वारा सख्त अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त दलीप कुमार के निर्देश पर राजस्व वसूली दल लगातार कुर्की एवं तालाबंदी की कार्रवाई कर रहा है।
कार्रवाई के तहत वार्ड क्रमांक 39, सरदार पटेल मार्ग निवासी गुलाम हुसैन जुम्मन खॉ तथा महेश हजारीलाल चौधरी के भवनों पर कुर्की की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। कार्रवाई के दौरान दोनों संबंधित बकायादारों ने मौके पर ही 20-20 हजार रुपये की बकाया राशि जमा कर दी।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन बकायादारों द्वारा निर्धारित समय में कर राशि जमा नहीं की जाएगी, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए दुकानों एवं भवनों पर तालाबंदी की जाएगी। जलकर बकाया होने पर नल कनेक्शन विच्छेद करने के साथ अर्थदंड भी वसूला जाएगा।
इसी अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बिना लाइसेंस व्यवसाय संचालित करने वाले 18 व्यापारियों के विरुद्ध कार्रवाई की। मौके पर ही ट्रेड लाइसेंस जारी करते हुए 45 हजार रुपये की वसूली की गई।
कार्रवाई के दौरान निगम राजस्व अधिकारी अनुभूति श्रीवास्तव, स्वच्छता निरीक्षक हेमंत उबनारे, भूषण पवार, सहायक राजस्व निरीक्षक रविंद्र सिंह ठाकुर, संजय सांगते, विशाल पाटील, गौतम तिवारी सहित निगम अमला उपस्थित रहा।





Comments
Post a Comment