अभिभाषक संघ द्वारा ई-फाइलिंग व ई-लाइब्रेरी का शुभारंभ, लॉ लेक्चर श्रृंखला की शुरुआत
भारत सागर न्यूज/देवास। अधिवक्ताओं की सुविधा तथा न्यायिक कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने की दिशा में अभिभाषक संघ द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई। संघ के तत्वावधान में 3 फरवरी को आयोजित गरिमामय समारोह में ई-फाइलिंग सुविधा एवं ई-लाइब्रेरी का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अजय प्रकाश मिश्र के करकमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि न्यायिक व्यवस्था में डिजिटल संसाधनों का समावेश वर्तमान समय की आवश्यकता है। इससे अधिवक्ताओं को कार्य में गति, पारदर्शिता एवं सुविधा प्राप्त होगी।
समारोह के दौरान अभिभाषक संघ द्वारा प्रत्येक शनिवार आयोजित की जाने वाली लॉ लेक्चर श्रृंखला की भी औपचारिक शुरुआत की गई। इस श्रृंखला का उद्देश्य अधिवक्ताओं को नवीन विधिक प्रावधानों, महत्वपूर्ण न्यायिक निर्णयों तथा समसामयिक कानूनी विषयों से निरंतर अवगत कराना है।
संघ अध्यक्ष अशोक वर्मा ने बताया कि ई-फाइलिंग सुविधा से प्रकरणों की ऑनलाइन फाइलिंग सरल होगी, जिससे समय की बचत के साथ-साथ न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी। वहीं ई-लाइब्रेरी के माध्यम से अधिवक्ताओं को विधिक पुस्तकों, जर्नल्स एवं महत्वपूर्ण निर्णयों की डिजिटल उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
कार्यक्रम के दौरान संघ अध्यक्ष श्री वर्मा ने माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश श्री मिश्र का स्वागत किया। वहीं संघ अध्यक्ष का स्वागत कोषाध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह तोमर, पुस्तकालय सचिव श्वेतांक राज शुक्ल एवं महिला उपाध्यक्ष गीता शर्मा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सचिव अतुल कुमार पंड्या ने किया तथा आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष पंकज पंड्या ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे। सभी ने अभिभाषक संघ की इस पहल की सराहना करते हुए इसे अधिवक्ताओं के पेशेवर विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। समारोह के अंत में उपस्थित सदस्यों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई।





Comments
Post a Comment