देवास में 24 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा, पैसों के विवाद में हुई हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार...
भारत सागर न्यूज/देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में पुलिस ने एक अंधे कत्ल का महज़ 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इस पूरी कार्रवाई में ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों ने अहम भूमिका निभाई।
पुलिस के अनुसार, खातेगांव निवासी हनीफ शाह 25 मार्च को घर से बाजार जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी दौरान सूचना मिली कि ‘चिमटा वाले बाबा’ के रास्ते पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि मृतक की पहचान छिपाने के लिए उसके सिर को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद ली। इसी आधार पर संदेही सुनील अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और मृतक के बीच पैसों का लेन-देन था। आरोपी ने मृतक को 50 हजार रुपये उधार दिए थे, जिनमें से 30 हजार रुपये वापस मिल चुके थे, जबकि बाकी रकम को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने हनीफ शाह को शराब पिलाने के बहाने सुनसान इलाके में बुलाया और पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है। इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को 10 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।




Comments
Post a Comment