कांग्रेस का देर रात तक प्रदर्शन, 48 घंटे में जांच नहीं हुई तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
भारत सागर न्यूज/देवास। देवास में मंगलवार शाम से शुरू हुआ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्रीकांत चौहान और एक अन्य युवक पर दर्ज एफआईआर के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता उज्जैन रोड चौराहे पर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष धरने पर बैठे रहे। प्रदर्शन का स्वरूप इतना लंबा चला कि कार्यकर्ताओं ने रात का भोजन भी धरना स्थल पर ही किया और करीब डेढ़ बजे तक विरोध जारी रखा।
प्रदर्शन के बाद देर रात शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम और ग्रामीण जिलाध्यक्ष मनीष चौधरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल सीएसपी सुमित अग्रवाल से मिलने पहुंचा। इस दौरान उन्होंने एफआईआर को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए एक लिखित आवेदन सौंपा।
ग्रामीण जिलाध्यक्ष मनीष चौधरी ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह कार्रवाई एकतरफा प्रतीत होती है। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन ने 48 घंटे में जांच का आश्वासन दिया है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि तय समय में निष्पक्ष जांच नहीं होती, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।
वहीं शहर अध्यक्ष प्रयास गौतम ने भी निष्पक्षता की मांग दोहराते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इधर, सीएसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि कांग्रेस द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जाएगी और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब तक की पुलिस कार्रवाई तथ्यों के आधार पर की गई है। फिलहाल, पूरे मामले को लेकर शहर की नजरें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।




Comments
Post a Comment