सीएनजी पंप कर्मचारी से मारपीट, पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद...
भारत सागर न्यूज/देवास। देवास शहर के मधुमिलन चौराहे स्थित मंजिल सीएनजी पंप पर एक कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ युवकों ने पंप कर्मचारी पर हमला कर दिया। घटना पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक रसूलपुर रामपुरा निवासी सलीम नामक युवक अपनी गाड़ी में सीएनजी भरवाने पंप पर पहुंचा था। उसने 300 रुपये की सीएनजी डलवाई और 500 रुपये दिए। बाकी 200 रुपये वापस लेने को लेकर कर्मचारी मनीष मालवीय के साथ उसका विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर सलीम ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर पंप कर्मचारी मनीष मालवीय के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान मनीष पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल मनीष मालवीय औद्योगिक थाना पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। इस दौरान मौके पर हिंदू संगठन के कुछ कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। पीड़ित मनीष का कहना है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है। उसका आरोप है कि पैसे देने के बावजूद युवक बार-बार पैसों की मांग कर रहा था और विरोध करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की। फिलहाल मामले में पुलिस और दूसरे पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। औद्योगिक थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




Comments
Post a Comment