देवास जिला जेल में मेगा विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, बंदियों को मिला अधिकारों और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
भारत सागर न्यूज/देवास। देवास जिला जेल में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मेगा विधिक जागरूकता एवं आउटरीच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य बंदियों को उनके अधिकारों और उपलब्ध सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान ‘बंदी-शिशु मिलाप’ पहल ने भावुक माहौल बना दिया, जहां बंदियों को अपने बच्चों और परिजनों से मिलने का अवसर मिला। इस दौरान कई बंदी अपने परिवार से मिलकर भावुक नजर आए।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने बंदियों और उनके परिजनों को उनके विधिक अधिकारों, योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी। साथ ही पैनल अधिवक्ताओं द्वारा निःशुल्क विधिक परामर्श भी प्रदान किया गया, जिससे बंदियों को कानूनी सहायता मिल सकी।
इसके अलावा, जिला अस्पताल देवास और अमलतास अस्पताल के सहयोग से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया। इसमें बंदियों की स्वास्थ्य जांच की गई, आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी गई। कार्यक्रम के अंत में परिजनों ने इस सराहनीय पहल के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। इस शिविर के माध्यम से बंदियों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया।




Comments
Post a Comment