ईको कार से सात लाख की शराब जब्त, रतलामी तस्कर गिरफ्तार...
भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा । उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील के गांव भाटपचलाना में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
सातरुण्डा मार्ग पर घेराबंदी कर पुलिस ने एक ईको कार को पकड़ा है, जिसमें भारी मात्रा में देशी और विदेशी शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से करीब 7 लाख 13 हजार रुपये का मशरुका जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी सतेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया कि सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सातरुण्डा की ओर से एक ईको कार अवैध शराब लेकर रुणिजा की तरफ आ रही है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने रुणिजा चौपाटी पर चेकिंग पॉइंट लगाया। इस दौरान संदिग्ध ईको कार क्रमांक MP-43 ZG-5449 को रोककर जब तलाशी ली गई, तो गाड़ी के अंदर शराब की पेटियों का जखीरा मिला। कार चला रहे आरोपी प्रेमसिंह उर्फ पिन्टू निवासी रतलाम के कब्जे से 106 बल्क लीटर शराब बरामद हुई है, जिसकी कीमत 1 लाख 13 हजार रुपये है। तस्करी में प्रयुक्त 6 लाख रुपये की कार भी जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे रिमांड पर लिया है, जिससे शराब के नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।




Comments
Post a Comment