अवंतिका के टावर चौक पर मोहन यादव का 'रॉकस्टार' अवतार: लाखों की भीड़ पर बरसाए गुलाब, देशभक्ति के तराने गाकर लूटी महफिल
भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा । महाकाल की नगरी में इस बार रंगपंचमी का नजारा किसी महाकुंभ से कम नहीं था, जहाँ मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने अनूठे और ऊर्जावान अंदाज से पूरे शहर को झूमने पर मजबूर कर दिया।
रविवार 08 मार्च को सिंधी कॉलोनी से निकली भव्य गेर में शामिल होकर जब मुख्यमंत्री टावर चौक पहुंचे, तो वहां का उत्साह सातवें आसमान पर था।
मंच पर चढ़ते ही मुख्यमंत्री ने न केवल आम जन पर दिल खोलकर गुलाब के फूलों की वर्षा की, बल्कि माइक थामकर जब 'ये देश है वीर जवानों का, अलबेलों का मस्तानों का' गाना शुरू किया, तो मानो पूरा उज्जैन एक ही सुर में गूंज उठा।
इस जोशीले गीत ने वहां मौजूद लाखों लोगों में देशभक्ति का ऐसा जज्बा भरा कि हर कोई तिरंगे और गुलाल के बीच नाचने लगा। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर दिल छू लेने वाली बात कही कि जीवन के असली रंग तो दिल के रंग होते हैं, जो आपसी सम्मान और भाईचारे से भरे हों।
उन्होंने सरहद पर तैनात वीर जवानों को याद करते हुए इस उत्सव को उनके नाम समर्पित किया, जिनकी बदौलत देश चैन से त्यौहार मना पा रहा है।
मालवी परंपरा की सोंधी खुशबू, डीजे की धुन और फूलों की इस होली ने टावर चौक को प्रेम और स्नेह के समंदर में डुबो दिया।
मुख्यमंत्री को अपने इतने करीब पाकर जनता ने भी जोरदार अभिनंदन किया और प्रशासन की इस अनूठी पहल ने रंगपंचमी के उत्सव को उज्जैन के इतिहास का सबसे यादगार पल बना दिया।










Comments
Post a Comment