पुलिस होली मिलन समारोह...
भारत सागर न्यूज/देवास। देवास में रंगों का त्योहार होली पुलिस विभाग में भी उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। गुरुवार को ड्यूटी पूरी होने के बाद पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में पुलिसकर्मियों द्वारा होली मिलन समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं, वहीं डीजे और ढोल की धुन पर सभी ने जमकर नृत्य कर पर्व की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर कलेक्टर ऋतुराज सिंह, पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत और कमिश्नर दलीप कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ रंग-गुलाल खेलकर सभी को होली की बधाई दी और उत्सव का आनंद लिया।
होली मिलन समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, नगर पुलिस अधीक्षक, शहर के सभी थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि होली के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। त्योहार शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद पुलिस परिवार ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ होली का यह मिलन समारोह मनाया।




Comments
Post a Comment