मेंढकी रोड ओवर ब्रिज पर तीन स्टॉपर बने दुर्घटना का कारण
भारत सागर न्यूज/देवास। शहर के मेंढकी रोड ओवर ब्रिज पर लगाए गए तीन स्टॉपर इन दिनों वाहन चालकों के लिए परेशानी और दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। ब्रिज की एक ओर जहां केवल एक स्टॉपर लगाया गया है, वहीं दूसरी ओर उतार की दिशा में तीन स्टॉपर लगाए जाने से वाहन अनियंत्रित हो रहे हैं और आए दिन हादसे हो रहे हैं।
सरपंच यूनियन संघ के पूर्व अध्यक्ष ठाकुर मोहन सिंह चंदाना ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए तीन स्टॉपर हटाकर केवल एक स्टॉपर लगाया जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।
उन्होंने बताया कि इस ओवर ब्रिज से करीब दो दर्जन गांवों और दर्जनभर कॉलोनियों के हजारों लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। तीन स्टॉपर होने से विशेषकर दोपहिया वाहन चालक, महिलाएं, स्कूटी सवार तथा ई-ऑटो रिक्शा चालक असंतुलित हो रहे हैं।
हाल ही में एक किसान अपनी उपज लेकर ट्रैक्टर से मंडी जा रहा था, तभी स्टॉपर से टकराने पर ट्रैक्टर का पुर्जा टूट गया। हालांकि जनहानि नहीं हुई, लेकिन कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा और किसान समय पर मंडी नहीं पहुंच सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई एकमात्र घटना नहीं है, बल्कि अब तक कई वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं।
श्री चंदाना ने प्रशासन से शीघ्र संज्ञान लेकर यातायात में बाधा बन रहे तीन स्टॉपर हटाकर केवल एक मानक स्टॉपर लगाने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके और भविष्य में हादसों से बचाव हो सके।





Comments
Post a Comment