मासूम अनिका के उपचार हेतु 3 लाख से अधिक की सहायता जुटी, जन्मदिवस पर सेवा का संकल्प बना मिसाल




भारत सागर न्यूज/देवास। समाजसेवा की भावना को नई दिशा देते हुए मां अम्बे कंस्ट्रक्शन के संचालक एवं सामाजिक कार्यकर्ता विजय कटेसरिया ने अपने जन्मदिवस को सेवा और संवेदना के उत्सव में बदलकर एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। 4 अप्रैल 2026 को आयोजित इस विशेष सेवा मुहिम में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और इंदौर की दो वर्षीय बालिका अनिका शर्मा के उपचार हेतु तीन लाख रुपये से अधिक की राशि एकत्रित की गई।




गौरतलब है कि अनिका शर्मा दुर्लभ बीमारी स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (एसएमए) टाइप-2 से पीड़ित है, जिसके उपचार के लिए अत्यंत महंगा इंजेक्शन आवश्यक है। 




इस चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में समाज के सहयोग को संबल बनाने के उद्देश्य से विजय कटेसरिया ने अपने जन्मदिवस पर पारंपरिक उत्सवों से दूरी बनाते हुए सेवा का मार्ग चुना। 




चामुंडा कॉम्प्लेक्स, आईसीएच सयाजी द्वार के सामने आयोजित कार्यक्रम में मित्र मंडल संस्था मानस के हेमंत शर्मा एवं टीम जितेंद्र सिंह गौड़ सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ। 




एकत्रित राशि जिला कलेक्टर ऋतुराज सिंह के माध्यम से समर्पित की गई, जिससे इस पुनीत कार्य को संस्थागत सहयोग भी मिला। 




कार्यक्रम के दौरान केक काटा गया और न ही मालाओं से स्वागत किया गया, बल्कि प्रत्येक सहभागी ने अपनी क्षमता अनुसार सहयोग राशि देकर मानवता का परिचय दिया। 




यह आयोजन इस बात का सशक्त संदेश बनकर सामने आया कि सच्चा उत्सव वही है, जो किसी जरूरतमंद के जीवन में उम्मीद की किरण बन सके। 




विजय कटेसरिया ने इस पहल में सहयोग देने वाले सभी मित्रों, शुभचिंतकों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने अपील की है कि मासूम अनिका के उपचार हेतु समाज आगे आए और अधिक से अधिक सहयोग प्रदान करे, ताकि एक नन्हीं जिंदगी को नया जीवन मिल सके।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन