मेढकी वाटर वाक्स बावड़ी बचाने हिंदू समाज का प्रदर्शन, सिविल लाइन थाना निर्माण रोकने की मांग...
भारत सागर न्यूज/देवास। कभी देवास शहर के प्यासे कंठ की प्यास बुझाने वाली प्राचीनकालीन मेढकी वाटर वाक्स की बावड़ी और धार्मिक स्थल को बचाने के लिए समस्त हिंदू समाज के कार्यकर्ताओं ने अपर कलेक्टर को ज्ञापन देकर सिविल लाइन थाने के निर्माण को अविलंब स्थगित करने की मांग की।
सामाजिक कार्यकर्ता अनिल सिंह ठाकुर ने बताया कि शहर की अति प्राचीनकालीन बावड़ी मेढकी वाटर वाक्स का अस्तित्व खतरे में आ चुका है, जिसे बचाना अत्यंत आवश्यक है। वहां पर सिविल लाइन पुलिस थाना बनाने का कार्य किया जा रहा है, जबकि आज भी मेढकी की बावड़ी में यदि साफ-सफाई कर दी जाए तो भरपूर मात्रा में पानी उपलब्ध है।
बावड़ी में लगे बोरिंग में पर्याप्त पानी है, जो आसपास के किसानों के बोरिंग को रिचार्ज कर रहा है। इसके साथ ही यहां पर वाटर वाक्स के प्राचीन आंकड़े पेड़ से गणेश जी की प्रतिमा निकली है, जिसके बाद एक भक्त ने मंदिर की स्थापना की। प्रति बुधवार श्री गणेश मंदिर में माताएं और बहनें पूजा-पाठ, भजन करती हैं। साथ ही हनुमान मंदिर में शनिवार और मंगलवार को भजन, सुंदरकांड, हनुमान चालीसा आदि के कार्यक्रम आयोजित होते हैं।
इसी परिसर में पीपल के पेड़ की परिक्रमा कर प्रतिदिन जल चढ़ाया जाता है। विगत कुछ दिनों से मेढकी वाटर वाक्स बावड़ी के आसपास मिट्टी एकत्रित कर उसे बावड़ी में डालने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे इस प्राचीन धरोहर को समाप्त कर सिविल लाइन थाना निर्माण की जानकारी जैसे ही मेढकी चक और आसपास की कॉलोनीवासियों को लगी, उन्होंने विरोध प्रकट किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के पूर्व विधायक गायत्री राजे पंवार और महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने आमजन और बच्चों के मनोरंजन हेतु पार्क का भूमि पूजन कर नगर निगम परिषद में प्रस्ताव पारित किया था। दिनांक 22 सितंबर 2025 को शिव शक्ति सेवा मंडल को अस्थाई गार्डन के लिए यह भूमि सौंप दी गई थी। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर किस नियम से नगर निगम ने गार्डन की जमीन पर पक्का निर्माण करने की अनुमति दी, जबकि यह नियमानुसार अवैध है। साथ ही यह भी प्रश्न उठाया गया कि नगर निगम ने गार्डन की जमीन राजस्व विभाग को कैसे सौंप दी। सोमवार को दोपहर 12 बजे समस्त हिंदू समाज के आह्वान पर जिला कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर के नाम ज्ञापन अपर कलेक्टर को सौंपा गया। इस दौरान हिंदू जागरण मंच के नरेंद्र शर्मा, विश्व हिंदू परिषद जिला गो-रक्षा प्रमुख रमेश कौशल, शैलेंद्र जोशी, नवीन पांडे, मनीष शर्मा, आशीष पंडित, अमन दुबे, प्रेम बैरागी, पंडित सत्येंद्र शर्मा, संदीप तिवारी गुरुजी, कुलदीप मोदी सहित अनेक जागरूक नागरिक उपस्थित रहे। ज्ञापन में मांग की गई कि हिंदू समाज की महिलाएं, माताएं और बहनें यहां नित्य पूजा-पाठ और पीपल के वृक्ष को जल अर्पित करती हैं। ऐसे में इस स्थान पर पुलिस थाना बनने से महिलाओं का प्रवेश प्रभावित होगा। परिसर में प्राचीनकाल से ग्रामीणों द्वारा होलिका दहन भी किया जाता रहा है। लोगों का कहना है कि यदि यहां पुलिस थाना बनता है तो थाने में आपराधिक तत्वों का आना-जाना लगा रहेगा, जिससे भक्तों और पुलिस के बीच विवाद की स्थिति बन सकती है और समाज में भय का वातावरण निर्मित होगा। इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? अतः कलेक्टर से मांग की गई है कि किसी अन्य स्थान पर राजस्व की खाली जमीन तलाश कर सिविल लाइन थाना का निर्माण किया जाए, अन्यथा भविष्य में सर्व समाज द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की होगी।





Comments
Post a Comment