मासूम अनिका के जीवन बचाने जन्मदिवस पर सेवा का संकल्प




भारत सागर न्यूज/देवास। समाजसेवा की भावना को नई दिशा देते हुए मां अम्बे कंस्ट्रक्शन के संचालक विजय कटेसरिया ने अपने जन्मदिवस को एक प्रेरणादायी संकल्प के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। 4 अप्रैल 2026 को वे पारंपरिक उत्सव से दूर रहकर मानवता के हित में एक विशेष सेवा मुहिम चलाएंगे। 




इंदौर की मात्र 2 वर्षीय बालिका अनिका शर्मा इस समय एक गंभीर और दुर्लभ बीमारी स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (एसएमए) टाइप-2 से जूझ रही है। इस बीमारी के उपचार के लिए अमेरिका से विशेष इंजेक्शन मंगवाना आवश्यक है, जिसकी लागत लगभग 9 करोड़ रुपए है। इतनी बड़ी राशि किसी भी सामान्य परिवार के लिए जुटा पाना अत्यंत कठिन है, ऐसे में समाज के सहयोग की आवश्यकता और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। 




इस भावनात्मक पहल के तहत विजय कटेसरिया ने अपने मित्रों, शुभचिंतकों, वरिष्ठजनों एवं साथियों से अपील की है कि वे जन्मदिवस पर केक, फूल-माला, सजावट या किसी भी प्रकार के अनावश्यक खर्च से बचें और उस राशि को अनिका शर्मा के उपचार हेतु समर्पित करें। 




इस अवसर पर वे स्वयं भी न तो माला धारण करेंगे और न ही केक काटेंगे, बल्कि पूरे कार्यक्रम को सेवा कार्य के लिए समर्पित रखेंगे। 




इस पुनीत उद्देश्य को साकार करने हेतु कार्यक्रम का आयोजन 4 अप्रैल, शनिवार को प्रातः 11 बजे से चामुंडा कॉम्प्लेक्स, आईसीएच सयाजी द्वार के सामने, देवास में किया जाएगा। इस मुहिम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता ही एक मासूम के जीवन को नई आशा दे सकती है।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा