उज्जैन-गरोठ मार्ग पर हादसा: युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, बस में लगाई आग





भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा । उज्जैन-गरोठ मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, दिल्ली से महाकाल दर्शन के लिए आ रही एक मिनी बस ने तुलाहेड़ा टोल प्लाजा के पास आगे चल रहे ट्रैक्टर को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया।




हादसे में ब्राह्मणखेड़ा निवासी 21 वर्षीय विजय सोलंकी ट्रैक्टर के नीचे दब गया। समय पर मदद न मिलने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पहले बस पर पथराव किया और बाद में उसे आग के हवाले कर दिया, जिससे बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।




दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार यात्रियों ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन उनका सामान आग में जल गया। हादसे में घायल राजेश शर्मा, बस चालक शिवकुमार और दो अन्य यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।




ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा प्रशासन की ओर से क्रेन भेजने में देरी हुई, जिससे मलबे में फंसे युवक को समय पर नहीं निकाला जा सका। इसी लापरवाही के विरोध में लोगों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।




एडिशनल एसपी आलोक शर्मा ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया गया। पुलिस ने बस में आग लगाने वाले उपद्रवियों की पहचान शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच जारी है। फरार बस चालक की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन