अवैध वसूली के आरोप पर निगम गेट पर सत्तापक्ष का धरना, कर्मचारी हटाने के निर्देश।




भारत सागर न्यूज/देवास। नगर निगम में शनिवार को सत्तापक्ष के पार्षदों ने निगम मुख्य द्वार पर धरना देकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्षदों ने निगम कर्मचारी रवि गोयनार पर स्टेशन रोड स्थित गजरा चौराहे पर छोटे दुकानदारों से अस्थायी अतिक्रमण के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय निवासी भी पार्षदों के समर्थन में शामिल हुए।




पार्षद शीतल गहलोत ने आरोप लगाया कि सुबह कई दुकानदारों से 500 से 1000 रुपए तक की वसूली की गई, लेकिन किसी को भी रसीद नहीं दी गई। 




उन्होंने कहा कि परिषद में बहुमत के आधार पर पहले ही संबंधित कर्मचारी को हटाने की मांग की जा चुकी है, इसके बावजूद निगम आयुक्त द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे पार्षदों में नाराजगी है।




सत्तापक्ष के नेता मनीष सेन ने कहा कि परिषद की बैठक में स्पष्ट निर्णय लिया गया था कि संबंधित कर्मचारी को हटाकर अन्य कार्य में लगाया जाए, लेकिन आदेश का पालन नहीं होने के कारण पार्षदों को धरने पर बैठना पड़ा। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




धरने की सूचना मिलते ही निगम सभापति रवि जैन मौके पर पहुंचे और पार्षदों व रहवासियों से चर्चा कर पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने निगम आयुक्त से बात कर आरोपी कर्मचारी को तत्काल पद से हटाकर अन्य विभाग में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। 




सभापति ने साफ कहा कि नगर निगम में किसी भी प्रकार की अवैध वसूली को सहन नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन