निशुल्क ग्रीष्मकालीन शिविर का शुभारंभ, बच्चों को मिलेगा बहुआयामी प्रशिक्षण

- एमपी पुलिस विभाग में चयनित हुए बच्चों का किया सम्मान,,




भारत सागर न्यूज/देवास।
संस्था मानस द्वारा निशुल्क ग्रीष्मकालीन शिविर का शुभारंभ आईटीआई परिसर में उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ तहसीलदार सपना शर्मा एवं आईटीआई प्राचार्य हेमंत दंडोतिया के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। 



संस्था अध्यक्ष हेमंत शर्मा एवं सचिव राजेश पटेल ने बताया कि इस शिविर में जरूरतमंद बच्चों को संस्कृत, अंग्रेजी, संगीत, योग नृत्य, शारीरिक व्यायाम, पेंटिंग, रंगोली तथा आत्मरक्षा हेतु शस्त्र प्रशिक्षण जैसी विभिन्न विधाओं का निशुल्क प्रशिक्षण अनुभवी शिक्षकों द्वारा प्रदान किया जाएगा। 




मुख्य अतिथि तहसीलदार सपना शर्मा ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में बताया कि वे राजस्थान के एक छोटे से अभावग्रस्त गाँव जहाँ सड़क जैसी मूलभूत सुविधा भी नहीं थी, कठिन परिश्रम और लगन से पढ़ाई करते हुए एमपीपीएससी में चयनित हुईं और आज तहसीलदार के पद पर कार्यरत हैं। 




उन्होंने बच्चों को संदेश दिया कि यदि दृढ़ संकल्प हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। इस अवसर पर श्रीमती रानी यादव, महेंद्र यादव, शस्त्र प्रशिक्षक कविता सिसोदिया, हिन्द फौज के सीएसएम जितेंद्र गोस्वामी, जगदीश परिहार, योग शिक्षक विजय ठाकरे, शिक्षक तन्नु, राजू सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। 




कार्यक्रम के दौरान रणजीत सर द्वारा दिए गए प्रशिक्षण के पश्चात अरुण अस्तरे, हेमंत पटेल, निलेश मंडोवार, ममता सूर्यवंशी, अलका परमार सहित 7 बच्चों का चयन एमपी पुलिस विभाग में हुआ। संस्था पदाधिकारियों द्वारा चयनित बच्चों का सम्मान किया गया। 




कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम में फिजिकल प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अभ्यार्थियों में प्रतिवर्ष लगभग 15 से 20 बच्चों का चयन भारतीय सेना, सीआईएसएफ, एमपी पुलिस आदि विभागों में होता है। जिससे देवास का नाम गौरवांवित होता है। 




साथ ही देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुति देवेन्द्र पंडित द्वारा दी गई। कार्यक्रम का संचालन राजेश पटेल ने किया एवं आभार जगदीश परिहार ने माना।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन