ब्लैकमेलिंग मामले में गिरफ्तारी के बाद महिला डॉक्टर की भूमिका पर भी जांच तेज, वायरल वीडियो के बाद कार्रवाई के संकेत।
भारत सागर न्यूज/देवास। शहर में डॉक्टरों को निशाना बनाकर ब्लैकमेलिंग करने के मामले में गिरफ्तारी के बाद अब जांच ने नया मोड़ ले लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस अब महिला डॉक्टर की भूमिका की भी जांच कर रही है।
यदि जांच में किसी प्रकार की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। दरअसल, वायरल हो रहे वीडियो में कथित तौर पर भ्रूण परीक्षण और पैसों के लेन-देन से जुड़ी बातचीत सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ऋतुराज सिंह द्वारा पुलिस को तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की एक टीम भी गठित की गई है, जो पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।
वीडियो में भ्रूण परीक्षण जैसे गंभीर विषय पर डॉक्टर द्वारा पैसों के लेन-देन की बात सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस दोनों सतर्क हो गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधियां कानून के दायरे में किस प्रकार आती हैं और इनमें किस-किस की भूमिका है।
इसी मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दो आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया, जबकि एक आरोपी को पुलिस रिमांड पर रखा गया है। आरोप है कि आरोपियों ने महिला डॉक्टर को वीडियो के जरिए लाखों रुपए की मांग की थी।
पुलिस जांच में पाया गया कि, आरोपी द्वारा वीडियो दिखाकर 15 लाख रुपए की मांग की गई। अब तक करीब 9 लाख रुपए की वसूली किए जाने की बात सामने आई है। वहीं, इस मामले के चार आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
कोतवाली थाना प्रभारी श्यामचंद शर्मा के अनुसार, मामले में हर एंगल से जांच की जा रही है। वायरल वीडियो की सत्यता की भी जांच की जा रही है। यदि डॉक्टर की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी और भी खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच जारी है।उधर, बीती रात स्वास्थ्य विभाग की टीम कोतवाली थाने पहुंची, जहां वायरल वीडियो से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों पर चर्चा हुई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी उचित जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।




Comments
Post a Comment