मासूम काशी को जिंदगी देने की जंग: 15 करोड़ के इंजेक्शन के लिए सोनू सूद ने भी मिलाया हाथ, देश से मदद की गुहार...!




भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा । ​मध्य प्रदेश के उज्जैन से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक भावुक खबर सामने आई है। यहाँ महज 5 महीने की मासूम काशी जिंदगी और मौत के बीच एक ऐसी जंग लड़ रही है, जिसकी कीमत करोड़ों में है। 




काशी को 'स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी' (SMA टाइप-1) नामक एक दुर्लभ जेनेटिक बीमारी हुई है, जिसके इलाज के लिए करीब 15 करोड़ रुपये के इंजेक्शन की जरूरत है। मध्यमवर्गीय परिवार के लिए यह राशि जुटाना असंभव है, इसलिए अब पूरे देश से मदद की अपील की गई है। इस मुहिम में बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद और उनकी संस्था भी आगे आई है।




उज्जैन की रहने वाली 5 महीने की मासूम काशी उस बीमारी से जूझ रही है, जिसका इलाज दुनिया के सबसे महंगे इलाजों में शुमार है। परिजनों के अनुसार, जन्म के कुछ समय बाद ही बच्ची के हाथ-पैरों की हलचल कम होने लगी थी और उसे सांस लेने में भी तकलीफ होने लगी। भोपाल एम्स में हुई जांचों के बाद जब SMA टाइप-1 की पुष्टि हुई, तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। इस बीमारी में शरीर की मांसपेशियां धीरे-धीरे काम करना बंद कर देती हैं, जो समय पर इलाज न मिलने पर जानलेवा हो सकता है।




​परिजन राजेश सिसोदिया ने बताया कि मासूम काशी के उपचार के लिए चैरिटी के माध्यम से देश के आम लोगों से मदद मांगी जा रही है। इसी क्रम में मानवता की सेवा के लिए सोनू सूद की संस्था भी आगे आई है। उन्होंने बताया कि सोनू सूद की टीम ने परिवार को संबल प्रदान करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। खुद अभिनेता सोनू सूद ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर देशवासियों से अपील की है कि वे इस नन्हीं जान को बचाने के लिए अपना हाथ बढ़ाएं।




​इस जानलेवा बीमारी का एकमात्र समाधान एक विशेष जीन थेरेपी इंजेक्शन है, जिसे विदेश से मंगवाना पड़ता है। इसकी कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये है और यह दिल्ली एम्स में लगाया जाना है। 



बच्ची के माता-पिता डॉ. प्रकृति सिसोदिया और डॉ. रोहित दुबे ने अपनी बेटी को बचाने के लिए क्यूआर कोड और सोशल मीडिया के जरिए सहायता की गुहार लगाई है। राजेश सिसोदिया ने भावुक होकर कहा कि यह लड़ाई अब सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरी इंसानियत की है। अगर समाज का साथ मिला, तो 5 महीने की नन्ही काशी को एक नई जिंदगी मिल सकती है।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा